यूपी बीजेपी के अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी पहली बार गोरखपुर पहुंचे हैं। उनके साथ सांसद रवि किशन भी हैं। एयरपोर्ट पर चौधरी का जोरदार स्वागत हुआ। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर डांस करते रहे। एयरपोर्ट से निकलने पर चौधरी खुली कार में खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। 150 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ वह गुरुद्वारे पहुंचे, जहां मत्था टेका। इसके बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां माल्यार्पण के बाद उन्होंने मंच से गदा लहराई। इसके बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पंकज चौधरी बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। पंकज चौधरी ने कहा- संगठन हमारी शक्ति है। इसी से हम सब की राजनीतिक पहचान है। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम अपने संगठन को और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि अभी दो महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। पहला SIR है। निश्चित रूप से जितनी रुचि दिखा सकते थे, उसमें कुछ कमी रह गई। हम सब राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। अंत में चुनाव ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसके लिए वोटर लिस्ट जरूरी होता है। वोटर लिस्ट के अपने लोगों का नाम छूट गया होगा और गलत लोगों का नाम रह गया होगा तो हमारी सारी मेहनत धरी की धरी रह जाएगी। इसलिए SIR की जो ड्राफ्ट सूची प्रकाशित हो रही है। उस पर हमे विशेष ध्यान देना होगा। विकसित भारत जी रामजी अधिनियम आया है, उसमे 125 दिन रोजगार की गारंटी है। इसके बारे के जन जनको बताना होगा। आप के बिना हम अधूरे हैं। क्योंकि यदि कार्यकर्ता काम नहीं करेगा तो सारी योजना धरी की धरी रह जाएगी। 2027 के चुनाव के अब ज्यादा समय नहीं है। केवल 13 महीने हैं। सबको जुट जाना है, जिससे 2027 में हम 2017 का रिकॉर्ड बनाकर सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि मेरे दरवाजे सबके लिए खुले रहेंगे। सुबह शाम मिलने का समय निर्धारित करूंगा। सभी से मिलूंगा और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी करूंगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की 3 तस्वीरें… पंकज बोले- कोई काम छोटा बड़ा नहीं होता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, उसे सभी को मिलकर प्राप्त करना होगा। पिछले 11 सालों में प्रधानमंत्री ने इस देश का कायाकल्प किया है। जो दुनिया भारत की बात नहीं सुनती थी, आज पूरी दुनिया भारत की बात सुनती है। जो असली कार्यकर्ता होता है। वह अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाता है। कोई काम छोटा बड़ा नहीं होता। हम प्रदेश अध्यक्ष हैं तो बहुत बड़ा नहीं हो गया। क्योंकि चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण रोल हमारा बूथ का अध्यक्ष निभाता है। हम जिस स्तर पर हैं, वहां हमको सर्वश्रेष्ठ बनना है। यही वो पार्टी है, जिसमें एक छोटा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष बन सकता है। शाम को प्रदेश अध्यक्ष गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर के प्रमुख पुजारी कमलनाथ को कल्याण पत्रिका दी। पंकज चौधरी 14 दिसंबर को यूपी बीजेपी के अध्यक्ष चुने गए थे। 27 दिसंबर को उन्होंने मथुरा से प्रदेश दौरे की शुरुआत की थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के गोरखपुर दौरे के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…