बागपत के खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में विद्युत लाइन ठीक करते समय करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बड़ागांव में हुई, जहां डोला गांव निवासी लाइनमैन सोनू विद्युत लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने पहुंचा था। लाइन ठीक करते समय अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और जमीन पर गिर गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल सोनू को खेकड़ा कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार के लिए उचित सहायता की मांग की है। मृतक सोनू के परिवार में उसकी पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।