जिसने नाव में बैठकर धोखा दिया, उसे जनता ने पहचाना:अयोध्या में संजय निषाद बोले- भाजपा भी सौभाग्यशाली है कि निषाद पार्टी के साथ

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद सोमवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन को लेकर उनका बड़बोलापन सामने आया। संजय निषाद ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि भाजपा के साथ हैं और भाजपा भी सौभाग्यशाली है कि निषाद पार्टी के साथ है।
उन्होंने कहा कि हम नाव वाले हैं, चुनाव बाद में आते हैं, लेकिन जिसने नाव में बैठकर धोखा दिया, उसे जनता ने पहचान लिया है। अब नाव में भाजपा बैठी है और जब से भाजपा के साथ आए हैं, तब से हम भी सौभाग्यशाली हैं और भाजपा भी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने मड़ना में आयोजित समारोह में कहा कि जरूरतमंदों, दिव्यांगों और निराश्रितों की सेवा ही सच्ची मानवता है। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर ऐसे कार्यों में योगदान देना चाहिए। ब्लॉक प्रमुख उषा सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति दायित्व का प्रतीक है। स्व. प्रभात सिंह का सपना था कि समाज के हर वर्ग को समान अवसर मिले, जिसे यह आयोजन साकार कर रहा है। इस अवसर पर पूर्व सांसद विनय कटियार, श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख स्वामी राजकुमार दास, ब्लाक प्रमुख संध्या के अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह और विधायक वेद प्रकाश गुप्त,गोशाइगंज विधायक अभय सिंह, अयोध्या के प्रथम मेयर ऋषिकेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।