लखनऊ में चित्रकूट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे युवक से मोबाइल छीनने के प्रयास में वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे पहले लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिर परिजन पीजीआई सैफई लेकर चले गए। औरैया के कोतवाली क्षेत्र बनारसीदास निवासी रामू पोरवाल ने बताया कि उनका बेटा सागर पोरवाल 7 दिसंबर 2025 की शाम चित्रकूट एक्सप्रेस से लखनऊ जंक्शन से कानपुर सेंट्रल जा रहा था। ट्रेन लखनऊ जंक्शन से निकलकर धीमी गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान सागर जनरल कोच के गेट पर बैठकर मोबाइल देख रहा था। ट्रैक पर खड़े लुटेरों ने छीना मोबाइल शाम करीब छह बजे जब ट्रेन ब्लॉक हट शिव मंदिर होम सिग्नल के पास पहुंची थी। तभी पटरी किनारे खड़े दो युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया। मोबाइल बचाने के प्रयास में सागर संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना पर थाना आलमबाग पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर परिजन भी केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर लखनऊ पहुंचे। इसके बाद पीजीआई सैफई इटावा लेकर चले गए है। पीड़ित के पिता ने आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आलमबाग इंस्पेक्टर सुभाष चंद्रा का कहना है मोबाइल स्नैचरों की तलाश की जा रही है।