थाना फेज-3 थाना क्षेत्र के गांव मामूरा स्थित एक कमरे में पिछले चार साल से लिव इन में रह रहे युवक ने रविवार रात फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर सुसाइड के लिए मजबूर करने के आरोप में युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मूलरूप से जिला प्रतापगढ़ के रामगढ़ी निवासी अतुल कुमार ओझा नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह गरिमा सिंह नामक युवती के साथ पिछले चार साल से लिव इन में रह रहा था। दोनों अलग-अलग एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। पिछले कुछ समय से सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव की गली नंबर-आठ स्थित एक कमरे में किराए पर रहते थे। मानसिक रूप से तनाव में था
रविवार देर रात सूचना मिली कि अतुल कुमार ओझा का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ। शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी सूचना परिजन को भी दी। कमरे अतुल के साथ रहने वाली गरिमा सिंह से पूछताछ की तो पता चला कि कुछ दिन पहले ही अतुल को कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया था। इसको लेकर वह मानसिक रूप से तनाव में था। रविवार रात करीब 11 बजे दोनों कमरे में सो गए थे। युवती को हिरासत में लिया गया
देर रात करीब दो बजे जब गरिमा सिंह की आंख खुली तो उसने अतुल को कमरे में फंदे पर लटका देखा। उसने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी। पुलिस ने बताया कि अतुल के भाई नवीन कुमार ओझा ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने गरिमा सिंह और अन्य लोगों पर अतुल को सुसाइड के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गरिमा सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।