मंगलवार को जालौन में विधानसभा वार वोटर लिस्ट की ड्राफ्ट सूची जारी कर दी गई तीनों विधानसभाओं में 2,12,059 मतदाताओं के नाम काटे गए, जिसमें सर्वाधिक मतदाता उरई विधानसभा से हटाए गए। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) के बाद तीनों विधानसभाओं माधौगढ़, कालपी एवं उरई (सुरक्षित) की मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के उपरांत जिले में कुल मतदाताओं की संख्या में 16.34 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। यह कमी मुख्य रूप से मृतक मतदाताओं, स्थानांतरित (शिफ्ट) मतदाताओं तथा जिनके बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी, उनके नाम हटाए जाने के कारण हुई है। SIR के बाद जारी आंकड़ों के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 219 माधौगढ़ में कुल मतदाताओं की संख्या 3,83,078 दर्ज की गई है। यहां 11,599 मतदाता मृत पाए गए, जबकि 63,778 मतदाता ऐसे हैं जो स्थानांतरित हो चुके हैं अथवा जिनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। विधानसभा क्षेत्र 220 कालपी में कुल मतदाता 3,47,607 हैं, जहां 9,145 मृतक मतदाता तथा 50,980 शिफ्ट अथवा अज्ञात स्थिति वाले मतदाता पाए गए। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 221 उरई (सुरक्षित) में कुल मतदाताओं की संख्या 3,54,816 दर्ज की गई है, जिसमें 11,757 मृतक एवं 97,301 मतदाता ऐसे हैं जो स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनका कोई सत्यापन नहीं हो पाया। तीनों विधानसभाओं को मिलाकर वर्तमान में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 10,85,501 रह गई है। SIR के बाद कुल 2,12,059 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिनमें मृतक, स्थानांतरित एवं अज्ञात मतदाता शामिल हैं। जबकि SIR से पूर्व माधौगढ़ में 4,46,856, कालपी में 3,98,587 तथा उरई में 4,52,117 मतदाता थे। उस समय जिले में कुल मतदाता संख्या 12,97,560 थी। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची से जुड़े दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए तीनों विधानसभाओं में कुल 75 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी तक आपत्तियां ली जाएंगी। जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्र के साथ कारण सहित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं, ताकि उनका नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल किया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि समय रहते सूची का अवलोकन कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।