रायबरेली के महराजगंज में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नहर किनारे मिला है। थूलवासा बाजार के पास मोबाइल टावर और नहरिया के किनारे ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। यह घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। ग्रामीणों ने युवक को बेसुध हालत में देखा और तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थुलवासा चौकी प्रभारी राहुल मित्रा एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। शव को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि शव पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।