बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र में एक युवक ने खेत पर बने मचान पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार को गिधौल गांव में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय योगेश पुत्र डोरीलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, योगेश मंगलवार को अपने खेत पर गया था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या करने से पहले वह किसी महिला से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। घटना के बाद भी योगेश के मोबाइल पर उस महिला के लगातार वीडियो कॉल आते रहे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि योगेश का आगरा की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो दो बच्चों की मां है। योगेश की शादी करीब छह महीने पहले दातागंज कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। उसकी पत्नी इस प्रेम प्रसंग का विरोध करती थी, जिसके चलते घर में कई बार विवाद हुआ। विवादों के कारण योगेश की पत्नी अपने मायके चली गई थी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।