सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र स्थित एक चीनी मिल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गन्ना लेकर पहुंचे एक किसान के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। किसान का संतुलन बिगड़ने से वह सीधे मिल के क्रशिंग मैकेनिज्म में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसान क्रशिंग एरिया में गन्ने की चैन को देख रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह चलती गन्ना चैन की ओर गिर गया। दुर्भाग्यवश, उसी समय ट्रॉलियों से गन्ना उतारने वाला पंजा भी सक्रिय था, जिससे किसान के ऊपर गन्ना आ गिरा और वह चैन में दब गया। मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने बिना समय गंवाए साहस का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर मिल कर्मचारियों को क्रशिंग मैकेनिज्म बंद करने को कहा। कुछ ही पलों में मशीन को रोक दिया गया और किसान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद किसान को प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बाल-बाल बच गई। प्रत्यक्षदर्शी किसान राजपाल ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से सभी घबरा गए थे, लेकिन समय रहते मशीन बंद होने से बड़ा नुकसान टल गया। इस घटना ने चीनी मिलों में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि क्रशिंग एरिया में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और स्पष्ट चेतावनी संकेत होने चाहिए। वहीं, घटना के बाद मिल प्रबंधन इस मामले में कोई टिप्पणी करने से बचता नजर आया।