ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस ने सिग्मा-1 सर्विस रोड के पास से वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया और गिरोह में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर थाना बीटा-2 पुलिस ने सिग्मा-1 क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान दो चोरों को पकड़ा गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। जांच में सामने आया कि ये दोनों मोटरसाइकिलें थाना बीटा-2 क्षेत्र से ही चोरी की गई थीं। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने इन मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ये पहले भीड़भाड़ वाले इलाकों या पार्किंग में मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही कुछ मिनटों में लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी की गई इन बाइकों को गिरोह के सदस्य ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध धन अर्जित करते थे। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे वे वारदातों के समय सुरक्षा या डराने-धमकाने के लिए अपने पास रखते थे। इस घटना में शामिल दोनों बाल अपचारी रेकी करने का काम करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित पुत्र कुंवरपाल (निवासी आनंदपुर, जारचा) और कुणाल पुत्र नौबत (निवासी बुलंदशहर, हाल निवासी दादरी) के रूप में हुई है। इनके साथ पकड़े गए दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।