बारादरी पुलिस ने मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया:फर्जी बिल बनाकर चोरी के फोन बेचते थे आरोपी

बरेली में बारादरी पुलिस ने मोबाइल चोरी और डिजिटल ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया, जो चोरी के मोबाइल को फर्जी फ्लिपकार्ट बिल और IMEI मिलान के जरिए असली बताकर बेचते थे। बारादरी पुलिस ने 5 और 6 जनवरी की दरमियानी रात विवियान कोठी रोड पर कार्रवाई की। इस दौरान मोबाइल बेचने जा रहे दो आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज (28 वर्ष), निवासी मायावती कॉलोनी, थाना सीबीगंज, और हारिश, निवासी चक महमूद, थाना बारादरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चार चोरी के मल्टीमीडिया मोबाइल, छह फर्जी फ्लिपकार्ट बिल/रसीद, एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी बसों, ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोबाइल चोरी करते थे। चोरी किए गए लॉक मोबाइल को वे यूट्यूब वीडियो देखकर अनलॉक और रीसेट करते थे। इसके बाद, IMEI नंबर के आधार पर ऑनलाइन फर्जी फ्लिपकार्ट जैसी रसीदें तैयार की जाती थीं। इन मोबाइलों को फिर मोबाइल दुकानदारों या आम लोगों को बेचा जाता था। ग्राहक IMEI नंबर का मिलान करने पर सब कुछ सही पाकर मोबाइल खरीद लेते थे। इस तरीके से पहले भी कई मोबाइल बेचे जा चुके हैं। आरोपी सरफराज ने गुजरात में रहते हुए ठगी का यह तरीका सीखा था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बारादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है।