कांग्रेस ने मंगलवार को पीएम मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का लगभग 43 सेकेंड का AI जनरेटेड (डीपफेक) वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया। इस पोस्ट के बाद विवाद बढ़ गया। शाम को अयोध्या भाजपा प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ गृहमंत्रालय के साइबर सेल की बेवसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की भूमिका की जांच की मांग की, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो बनाने, एडिटिंग और पोस्ट करने में उनकी कोई भागीदारी है या नहीं। इसके बाद आज यानी बुधवार को यह मामला गृह राज्य मंत्रालय से अयोध्या के कुमारगंज थाने में ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी ने उन्हें बुलाकर पूरी मामले की पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई। अब पढ़िए शिकायत में क्या लिखा ? 6 जनवरी को कांग्रेस ने AI वीडियो पोस्ट किया था
सिधारी बाजार के बहबरमऊ निवासी डॉ. रजनीश सिंह पुत्र श्रीराम प्रकाश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से 43 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो को खुद AI जनरेटेड / डीपफेक बताया गया है। वीडियो में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन पर बातचीत करते हुए दिखाया गया है, जबकि इस तरह की किसी बातचीत का कोई भी आधिकारिक, सार्वजनिक या कूटनीतिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। राजनीश सिंह बोले- इस वीडियो से प्रधानमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंची है उन्होंने आगे बताया कि यह वीडियो पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और भ्रामक है। इसमें डिजिटल तकनीक के जरिए वास्तविक लोगों की आवाज, चेहरा और पहचान की नकल की गई है। इससे प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और आम जनता को जानबूझकर गुमराह किया गया है। यह वीडियो किसी निजी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया गया है। ऐसे में बिना शीर्ष नेतृत्व की जानकारी, सहमति या निर्देश के इस तरह की सामग्री का प्रसारण संभव नहीं माना जा सकता। राजनीश सिंह बोले- इस मामले में राहुल गांधी जिम्मेदार हैं
डॉ. रजनीश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोशल मीडिया संचालन से जुड़े अन्य अज्ञात पदाधिकारी जिम्मेदार प्रतीत होते हैं। इस तरह की सामग्री से राष्ट्रीय हित, विदेश नीति की संवेदनशीलता और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। यह कृत्य दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट, अकाउंट लॉग्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कौन हैं डॉ. रजनीश सिंह?
डॉ. रजनीश सिंह अयोध्या जिले के मिल्कीपुर के निवासी हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता हैं। इससे पहले भी वह राहुल गांधी के कथित विदेशी नागरिक होने और ताजमहल से जुड़े मामलों को लेकर हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर कर चुके हैं। इसके चलते उनका नाम राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में रहा है। अब पढ़िए कांग्रेस के वीडियो की पूरी स्क्रिप्ट वीडियो की शुरुआत में मोदी, ट्रम्प को कॉल लगाते हुए बोलते है- हैलो, ट्रम्प जी, कैसे हो आप जवाब में ट्रम्प बोलते है- मोदी मैं तुमसे नाराज हूं। मोदी- लेकिन ट्रम्प आप नाराज क्यों हैं? जैसा-जैसा आपने बोला मैंने वैसा ही किया… सीजफायर कराया, रूस से तेल लेना कम कर दिया। ट्रम्प- तुम जानते हो मुझे खुश करना तुम्हारे लिए कितना जरूरी है। अगर तुमने मेरी बात नहीं मानी, तो मैं टैरिफ बढ़ा दूंगा। मोदी- नहीं मालिक जैसा-जैसा बोलेंगे मैं वैसा-वैसा करूंगा। जनता पर बोझ लाद दूंगा। बस आप मुझसे खुश हो जाएं और कुछ नहीं चाहिए। ट्रम्प ने कहा था- मोदी मुझे खुश करना चाहते थे इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत के रूस से तेल आयात कम करने को लेकर बयान दिया था। ट्रम्प ने 5 जनवरी को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा था कि भारत ने यह फैसला उन्हें खुश करने के लिए लिया। ट्रम्प ने कहा- वे मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, इसलिए मुझे खुश करना जरूरी था। हम व्यापार करते हैं और उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं। कांग्रेस ने मोदी का चाय बेचते AI वीडियो किया था पोस्ट इससे पहले कांग्रेस ने 3 दिसंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चाय बेचते हुए एक AI जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया था। इसमें PM को चायवाला दिखाया गया। उनके हाथ में चाय की केतली है। दूसरे हाथ में ग्लास है। वीडियो में मोदी को जोर-जोर से ‘चाय बोलो, चाय-चाय चाहिए’ बोलते दिखाया गया गया है। AI वीडियो में PM रेड कारपेट पर चल रहे हैं। उनके पीछे भारत सहित कई देशों के झंडे लगे हैं। इनमें भाजपा का भी झंडा है। इस AI वीडियो को कांग्रेस प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक ने पोस्ट किया। रागिनी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा- ‘अब ई कौन किया बे। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा- नामदार कांग्रेस OBC समुदाय से आने वाले कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। ————————- ये भी पढ़ें- यूपी BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी भावुक हुए:कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर से फूल बरसाए; क्रेन से ढाई क्विंटल की माला पहनाई यूपी भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी मंगलवार को अपने गृह जनपद महराजगंज पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर से फूल बरसाए। क्रेन से ढाई क्विंटल की माला पहनाई गई। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पंकज चौधरी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा- जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं और आम जन का उत्साह और प्रेम देखने को मिला। मैं उसे देखकर भावुक हो गया। खासतौर से मैं महाराजगंज की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। आप लोगों ने मुझे 7 बार पार्लियामेंट का सदस्य बनाया। मैं मंत्री बना। आज प्रदेश अध्यक्ष हूं। पढ़िए पूरी खबर…