ललितपुर रेलवे स्टेशन से घंटाघर तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। बुधवार को नगर पालिका परिषद की टीम ने स्टेशन के बाहर एक पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने प्रशासन से दो दिन की मोहलत मांगी, जिसके बाद अभियान रोक दिया गया। हालांकि, शाम को स्टेशन क्षेत्र में फिर से दो जेसीबी मशीनें पहुंच गईं, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद व्यापारी स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाने में जुट गए। यह अभियान यातायात को सुगम बनाने और शहर की मुख्य सड़क को महानगरों की तर्ज पर चौड़ा करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश पर एसडीएम सदर मनीष कुमार, नायब तहसीलदार घनेन्द्र तिवारी और ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन तिराहे पर यह कार्रवाई की। एसडीएम मनीष कुमार ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि दो दिन में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो जेसीबी से कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे पालिका की नाली और सड़क पर रखे अवैध सामान को स्वयं हटा लें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशन से लेकर नदी पुल तक मुख्य सड़क पटरी के दोनों ओर का अतिक्रमण हटाया जाना है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान कर निर्धारण अधिकारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, सदर लेखपाल, नजूल लिपिक, हेड सुपरवाइजर, गैरेज प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।