महाकुंभ में ‘दातून बॉय’ नाम से मशहूर हुए आकाश प्रयागराज माघ मेला में भी पहुंचे हैं। इस बार पूरे भौकाल से दातून बेच रहे हैं। उनके साथ 40-50 लड़कों की टीम भी है, जो जगह-जगह कैंप लगाकर दातून बेच रहे हैं। सभी ने आकाश और मलाइका अरोड़ा की तस्वीर छपी टी-शर्ट पहन रखी है। आकाश ने कहा- भारतीय महिलाओं और बहन-बेटियों को मुफ्त में दातून बांट रहा हूं। जबकि विदेशियों को 1,000 रुपए में दातून देंगे। भारत को अंग्रेजों ने लूटा था, इसलिए मैं उन्हें फ्री में दातून नहीं दूंगा। आकाश दिल्ली से थार से ही प्रयागराज पहुंचे हैं और थार से ही दातून बेचते और बांटते नजर आ रहे हैं। आकाश को देखने के लिए भीड़ जुट रही
वायरल दातून बॉय ने इस बार दातून बेचने के लिए पूरी टीम लगाई है। सभी लड़के माघ मेला क्षेत्र में दातून बेच और बांट रहे। आकाश और उनकी टीम को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। लोग फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। आकाश महाकुंभ के दौरान गर्लफ्रेंड से मिली इंस्पिरेशन के बाद दातून बेचकर वायरल हुए थे। इसके बाद उन्हें “वायरल दातून बॉय” के नाम से पहचान मिली। अब माघ मेला में भी कई लोग अलग-अलग तरीकों से दातून बेचकर वायरल होने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आकाश का अंदाज सबसे अलग नजर आ रहा है। आकाश माघ मेला के पहले स्नान से एक दिन पहले ही दिल्ली से प्रयागराज पहुंच गए थे। थार, ब्रांडेड टी-शर्ट और फ्री दातून बांटने के अंदाज ने उन्हें माघ मेला का बड़ा आकर्षण बना दिया है। फेसबुक पर 1.97 लाख फॉलोअर
दातून बेचते हुए आकाश ने महाकुंभ में करीब डेढ़ लाख कमाए थे। हालांकि अपने अलग अंदाज से दर्शकों का दिल जीता था। उनकी सरल भाषा और बोलने के तरीके ने डांस शो के जजों मिथुन चक्रवर्ती और मलाइका अरोड़ा को भी प्रभावित किया। आकाश के फेसबुक पर 1 लाख 97 हजार और इंस्टाग्राम पर 1.42 लाख फॉलोअर हैं। गर्लफ्रेंड ने दी थी फ्री के बिजनेस की सलाह
आकाश यादव प्रयागराज महाकुंभ में बिना किसी लागत के दातून बेचकर देशभर में फेमस हुए थे। उसकी इस अनोखी पहल की खूब सराहना हुई थी। फेमस होने के बाद आकाश को मुंबई में सोनी टीवी के एक शो में बुलाया गया था। वहां उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती समेत कई कलाकारों से मुलाकात की थी। तब आकाश ने बताया था- हम घर पर बेरोजगार बैठे थे। तभी पिता ने मुंबई बुलाया। लेकिन, मुंबई जाने से पहले मेरी गर्लफ्रेंड ने महाकुंभ में बिजनेस करने का आइडिया दिया। जब मैंने उससे कहा कि इन्वेस्टमेंट के लिए पैसे नहीं हैं, तो गर्लफ्रेंड ने बिना इन्वेस्टमेंट वाले बिजनेस की सलाह दी। आकाश की गर्लफ्रेंड ने उसे नीम की दातून बेचने की सलाह दी। कहा- इसमें कोई लागत नहीं है। बस पेड़ से दातून तोड़नी है और लोगों के बीच घूमना है। आकाश ने गर्लफ्रेंड की बात मानी और महाकुंभ में दातून लेकर पहुंच गया। पहली ही रात में उसने 12-13 हजार रुपए कमा लिए। कुछ ही दिनों में उसकी कमाई 35 से 40 हजार रुपए तक पहुंच गई। इसी कमाई से उसने नया मोबाइल, गर्लफ्रेंड के लिए कपड़े और मां के लिए साड़ी खरीदी। पूरे महाकुंभ में उसने लाखों रुपए कमाए। आकाश यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी 3 बहनें हैं। पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। वहीं, आकाश अब सोशल मीडिया से कमाई करता है। —————— ये खबर भी पढ़ेंः- माघ मेले में थार से दातून बेचने पहुंचा यूट्यूबर:प्रयागराज में कहा- गंगा मैया के लिए जीवन त्याग दूंगा, बिन मांगे सबकुछ दिया महाकुंभ में ‘दातून बॉय’ नाम से मशहूर हुए आकाश फिर प्रयागराज पहुंचे हैं। माघ मेले में उन्होंने दातून का कैंप लगाने की घोषणा की। कहा- गंगा मैया के लिए अपना पूरा जीवन त्याग दूंगा, मुझे बिना मांगे बहुत कुछ दी हैं। आकाश दिल्ली से प्रयागराज थार से आए हैं। उसकी रील भी सोशल मीडिया पर डाली है। कैप्शन लिखा- बॉय दिल्ली। दिल्ली टू प्रयागराज। बैकग्राउंड में महाकुंभ वाला गाना चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…