स्कूल ड्रेस में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:घर के कमरे में लटका मिला शव, परिजन कारण नहीं बात सके

सीतापुर के कोतवाली लहरपुर क्षेत्र के ग्राम मरसंडा में गुरुवार देर शाम एक स्कूली छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्राम मरसंडा निवासी प्रेम कुमार की 15 वर्षीय पुत्री लवली क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज लालपुर में कक्षा 9 की छात्रा थी। गुरुवार को रोज की तरह स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटी थी। बताया जा रहा है कि स्कूल से आने के बाद वह घर के एक कमरे में चली गई। कुछ समय बाद परिजनों ने जब कमरे की ओर ध्यान दिया तो लवली को कमरे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर लेकर पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार छात्रा की मौत पहले ही हो चुकी थी। मृतका के परिजनों ने बताया कि लवली सामान्य स्वभाव की थी और किसी प्रकार की कोई पारिवारिक या अन्य परेशानी की जानकारी सामने नहीं आई है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि छात्रा ने स्कूल ड्रेस में ही यह आत्मघाती कदम उठाया, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि घटना स्कूल से लौटने के तुरंत बाद की है। सूचना मिलने पर कोतवाली लहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को अस्पताल भेजा गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले में कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं है और न ही कोई तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।