यूपी की एक्ट्रेस ने कटवाया पवन सिंह का केक:सिंदूर-चूड़े में नजर आईं थीं; कंट्रोवर्सी वाले VIDEO की Inside Story

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह के 40वें जन्मदिन पर एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने कन्ट्रोवर्सी खड़ी कर दी है। वीडियो को देख सवाल उठने लगे कि क्या पवन सिंह ने तीसरी शादी कर ली है। दरअसल, वीडियो में एक लड़की सिंदूर और लाल चूड़े में पवन सिंह के साथ दिख रही थी। लड़की पवन सिंह के काफी नजदीक खड़ी थी। पवन सिंह लड़की के हाथ से कुछ अलग अंदाज में केक भी खा रहे थे। पवन सिंह के साथ दिख रहीं भोजपुरी फिल्म एक्ट्रेस बांदा जिले की रहने वाली महिमा सिंह हैं। वे पवन सिंह के साथ एक भोजपुरी मूवी में काम कर रही हैं, जिसका एक गाना ‘बानी लइका’ 4 अक्टूबर को रिलीज भी हुआ था। पवन सिंह के 40वें बर्थडे में मौजूद उनके करीबी ने नाम न छापने की रिक्वेस्ट पर दैनिक भास्कर से बातचीत की। करीबी ने 4 जनवरी की शाम से लेकर रात 12 बजे तक की पूरी कहानी बताई। बताया कि आखिर जिस वीडियो को लेकर कन्ट्रोवर्सी खड़ी हुई है, उसकी सच्चाई क्या है? केक काटने के दौरान अचानक लड़की कैसे पहुंची? केक काटने से ठीक पहले और उसके बाद क्या हुआ? पढ़ें पूरी रिपोर्ट… पवन सिंह के जन्मदिन की 2 तस्वीरें तारीख: 4 जनवरी
समय: शाम 4 बजे पवन सिंह के करीबी ने बताया कि, मैं बिहार से 4 जनवरी की सुबह ही जन्मदिन मनाने के लिए लखनऊ के लिए निकल गया था। शाम को लखनऊ पहुंचा तो पवन भइया को कॉल किया। उन्होंने कहा कि मैं मूवी की शूटिंग कर रहा हूं, लोकेशन भेज रहा हूं, आ जाओ। पवन सिंह के लोकेशन भेजने के बाद मैं 4 बजे लखनऊ के जलसा रिसॉर्ट पहुंच गया था। दोबारा कॉल किया तो उन्होंने अंदर बुलाया और इंतजार करने के लिए कहा। करीब रात 9 बजे पैकअप करके पवन सिंह फ्री हुए। मुझे बुलाया तो मैं रिसॉर्ट में बुक उनके कमरे में पहुंच गया। वहां पहुंचने के बाद हम दोनों ने एक दूसरे का हालचाल पूछा। इसके बाद भइया कुछ बोलते, मैंने बता दिया कि आपका जन्मदिन आज रात 12 बजे ही सेलिब्रेट करेंगे। उन्होंने कहा, बिल्कुल। आप लोगों को जो तैयारी करनी है, कर लेना। बातचीत के दौरान पवन सिंह ने बताया कि, आज दोपहर में गोंडा गया था। एक कार्यक्रम में शामिल होना था। चार से पांच बजे के बीच लखनऊ आया और शूटिंग करने चला गया। चार घंटे की शूटिंग के बाद अब फुरसत मिली है। पवन सिंह ने आगे कहा, तुम भी बिहार से आए हो, थोड़ा आराम कर लो या कहीं घूमना है, तो चले जाओ। मुझे एक-दो घंटे आराम करने दो। मैंने पवन भइया से कहा कि ठीक है, आप आराम कीजिए, मैं यही हूं। फिर मैंने जन्मदिन की तैयारी की। कमरे से बाहर आया तो पता चला कि शूटिंग सेट पर को-एक्टर्स, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर सभी पवन सिंह का जन्मदिन सेलिब्रेट करने की तैयारी कर रहे थे। समय: रात 11 बजे 11 बजे के बाद केक काटने की तैयारी चलने लगी। केक सजाया जा चुका था। फिल्म ‘चार की रात’ के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, यूनिट के सभी साथी इकट्ठा हो चुके थे। सभी को इंतजार था, पवन सिंह के सोकर उठने का। इतने में किसी ने पवन सिंह के पर्सनल असिस्टेंट को कहा कि भइया को बुला लीजिए, सारी तैयारियां हो चुकी है। मैं वहीं पर था। बुलाए जाने की बात पर पर्सनल असिस्टेंट के साथ कुछ और लोग पवन सिंह के कमरे में पहुंचे और उन्हें उठाकर ठीक 12 बजे सेट पर लेकर आ गए। पवन सिंह के करीबी ने बताया कि, सेलिब्रेशन का वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने इंटरनेट पर गलत लिखा शुरू कर दिया। पवन सिंह ने शराब पी थी। दरअसल, पवन सिंह ने शराब नहीं पी थी, बल्कि नींद में थे। इसलिए केक काटने के दौरान पवन सिंह थोड़ा-बहुत डोल रहे थे। आधी रात थी, ठंड भी थी। खैर, पवन सिंह के आने के बाद सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद पवन सिंह ने केक काटना शुरू किया था। अचानक काले टीशर्ट में एक्ट्रेस की हुई एंट्री पवन सिंह ने जैसे ही केक काटना शुरू किया। इसी दौरान एक्ट्रेस महिमा सिंह की एंट्री हुई। महिमा ने काले रंग का टीशर्ट पहना था। उनकी मांग में सिंदूर था, हाथ में लाल चूड़ा पहना हुआ था। चूंकि सेट पर काफी लोगों की भीड़ थी, इसलिए पवन सिंह ने महिमा सिंह को अपने नजदीक बुला लिया और केक काटने लगे। पवन सिंह के करीबी ने कहा कि, शाम को हुई शूटिंग के बाद एक्ट्रेस महिमा सिंह करैक्टर वाले गेटअप में ही थी। बस उन्होंने ड्रेस चेंज किया था। इसलिए सिंदूर लगाए और चूड़ा पहने केक कटिंग पहुंच गई थी। एक्ट्रेस की उंगली से केक खाने वाले सवाल पर पवन सिंह के करीबी ने कहा कि, इसमें क्या गलत है। अगर कुछ गलत होता, तो एक्ट्रेस बिल्कुल रिएक्ट करती। क्योंकि ये न तो शूटिंग का हिस्सा था और न ही अफेयर जैसी कोई बात थी। ये सब कुछ कैमरे और लोगों के सामने हो रहा था। इसलिए तीसरी शादी, अफेयर जैसी बातें बकवास है। रात 12 बजे ही राइज एंड फॉल्स की टीम भी पहुंची थी पवन सिंह के करीबी ने बताया कि, पवन सिंह के जन्मदिन को सेलिब्रेट करने के लिए रात 12 बजे ही रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ की टीम भी जलसा रिसॉर्ट पहुंची थी। टीम में कॉमेडियन किकू शारदा भी थे। भीड़ इतनी थी कि राइज एंड फॉल्स की टीम को पवन सिंह से मुलाकात करने में एक घंटे का वक्त लग गया। शूटिंग वाले सेट पर केक काटने के बाद फिर दोबारा केक काटा गया, जिसमें राइज एंड फॉल्स की टीम के साथ भोजपुरी के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर प्रिंयांशु सिंह भी मौजूद थे। सभी लोगों ने सुबह करीब 3 बजे तक जमकर डांस किया। इसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। डांस और मस्ती के बाद पवन सिंह अपने लखनऊ वाले फ्लैट पर चले गए। तारीख: 5 जनवरी
समय: रात 11 बजे पवन सिंह के करीबी ने बताया कि, 5 जनवरी की सुबह से पवन सिंह को काफी लोगों के कॉल्स आए। पवन सिंह इतने थक गए थे कि 5 को वे कहीं नहीं गए। फिर शाम को केक कटिंग की तैयारी होने लगी। एक प्राइवेट होटल में पवन सिंह के 40वें बर्थडे की केक काटी गई, जिसमें उनकी मां, दोनों बड़े भाई, दोनों चाचा और परिवार के अन्य लोग शामिल हुए। अचानक बधाई देने पहुंचे बाहुबली धनंजय सिंह पवन सिंह के करीबी के मुताबिक, बाहुबली धनंजय सिंह अचानक पवन भइया को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे थे। वहां मौजूद किसी को भी पता नहीं था कि धनंजय सिंह भी आने वाले हैं, लेकिन 5 की देर शाम धनंजय सिंह पार्टी में आए और पवन सिंह से मिलकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। ———————– ये खबर भी पढ़िए मथुरा में तेज बारिश, गाजियाबाद में बूंदाबांदी:काशी में ठंड का 22 साल का रिकॉर्ड टूटा, 7 जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद यूपी में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। बर्फीली हवाओं के बीच बारिश ने ठंड और बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह-सुबह मथुरा में तेज बारिश हुई। गाजियाबाद में भी बूंदाबांदी ने ठंड बढ़ा दी। इसके अलावा अयोध्या, झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, मेरठ समेत करीब 35 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। सड़कों पर कुछ भी देख पाना मुश्किल हो गया। पूरी खबर पढ़िए