संभल में पत्नी ने प्रेमी और भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पहले मारा-पीटा, फिर गला दबाया। जब मर गया तो वारदात को सुसाइड दिखाने के लिए उसे फंदे पर लटका दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। भाई और प्रेमी ने शव को घर से 5 किलोमीटर दूर बाइक से ले जाकर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। अगले दिन पुलिस को शव मिला। मृतक के सीने पर ‘सनी लव नेहा’ लिखा था। पुलिस ने पहचान के लिए पोस्टर लगवाए। पोस्ट देखकर मृतक के साले ने अपने जीजा की शिनाख्त की। इसके बाद मृतक की पत्नी थाने पहुंची और जोर-जोर से रोने लगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर हत्या सामने आई। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह पहले इधर-उधर की बात करती रही। सख्ती से पूछने पर महिला ने अपना जुर्म कबूल किया। घटना 2 जनवरी की गुन्नौर थाना क्षेत्र के जुनावई क्षेत्र की है। अब पढ़िए पूरा मामला एसपी केके विश्नोई ने बताया कि पूरन पट्टी गांव के दुबोई खुर्द जाने वाले चकरोड पर 2 जनवरी को एक युवक का शव मिला। हाथ-सीने पर ‘सनी लव नेहा’ लिखा हुआ था। पुलिस ने एक हफ्ते में इस केस खुलासा कर दिया है। मृतक सनी हाथरस के ओढ़पुरा, थाना हाथरस गेट का रहने वाला था। 18 जून 2018 को उसकी शादी कासगंज के नीवरी गांव की रहने वाली नेहा के साथ हुई थी। आरोपी पत्नी के मुताबिक, शादी के बाद सनी गलत संगत में पड़ गया था। शराब और जुआ खेलने लगा था। वह एनडीपीएस और बाइक चोरी के मामलों में जेल भी जा चुका था। जेल से छूटने के बाद उसने घर का सारा सामान बेच दिया और पत्नी एवं बेटी के साथ किराए के मकान में हाथरस में रहने लगा था। इसी दौरान 2022 में सनी ने नेहा के साथ मारपीट की। जिसके बाद नेहा संभल के रहने वाले ऑटो ड्राइवर रंजीत के ऑटो से मायके जा रही थी। इसी दौरान दोनों में बातचीत हुई। नंबर एक्सचेंज हो गए। जिसके बाद दोनों में बातचीत हाेने लगी। 6 महीने तक प्रेमी के साथ रही
लगातार बातचीत होने के बाद दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। कुछ समय बाद नेहा रंजीत के साथ फरार हो गई। दोनों 6 महीने तक संभल और नोएडा में साथ रहे। इस दौरान सनी ने नेहा के परिवार वालों पर पत्नी को बेचने का आरोप लगाकर केस कराने की धमकी देने लगा। ये बात नेहा को पता चली तो वो रंजीत के साथ सनी के घर लौट आई और सनी के साथ रहने लगी। लेकिन रंजीत और नेहा का अफेयर चलता रहा। इन दिनों सनी हाथरस की एक नमकीन फैक्ट्री में काम कर रहा था। उसके घर से बाहर जाते ही नेहा रंजीत को घर बुला लिया करती थी। 25 दिसंबर को झगड़ा हुआ था
नेहा ने बताया कि 25 दिसंबर की रात सनी नशे में धुत होकर आया और उसे पीटा। जिसके बाद उसने सनी को रास्ते से हटाने का मन बनाया। 30 दिसंबर 2025 को नेहा अपने घर कासगंज गई। यहां अपने प्रेमी रंजीत को बुलाया। 31 दिसंबर 2025 को नेहा के घर रंजीत पहुंचा। उसने सनी को मारने की प्लानिंग बताई। अपने साथ अपने भाई अरुण को भी मिला लिया। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को बहाने से शनि को कासगंज अपने घर पर बुलाया। दोपहर में 3 बजे नेहा ने अपने भाई अरुण को शराब के लिए पैसे दिए। सनी को शराब पिलाने के बाद रंजीत और अपने भाई से बाहर ले जाकर मारने को कहा और फिर घर के कमरे में ही सनी को पीटने लगे। डंडे और घूंसे से पिटाई की
डंडे एवं लात-घूसों से खूब पिटाई की। उसके बाद भी सनी नहीं मरा तो रस्सी के फंदे से लटका दिया। फंसने का डर सताने लगा तो शव को जलाने की सोची। लेकिन रात को माचिस नहीं मिली तो बाइक से शव को लादकर संभल ला रहे थे। रास्ते में सामने से डीसीएम आता देख अरुण और रंजीत ने सनी के शव को संभल के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव पूरन पट्टी के दुबोई खुर्द में सड़क के किनारे खंती में फेंक दिया। …………………………………… ये खबर भी पढ़ें… आजम खान रामपुर जेल में जमीन पर सो रहे, पत्नी ने की मुलाकात, बोलीं- साहब को सर्दी-बुखार; बेड तक नहीं दिया यूपी में रामपुर जिला जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान से पत्नी तंजीन फातिमा मिलने पहुंचीं। मुलाकात के बाद बाहर आते ही उन्होंने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- आजम साहब को कई दिनों से सर्दी-जुकाम और बुखार है। इसके बावजूद उन्हें बेड तक नहीं दिया गया। कड़ाके की ठंड के बीच वह जमीन पर सोने को मजबूर हैं। पढ़ें पूरी खबर…