भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 12 जनवरी को अपने प्रथम दौरे पर अयोध्या पहुंचेंगे। उनके स्वागत को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले की सीमा से लेकर हनुमानगढ़ी तक कुल 22 स्वागत पॉइंट बनाए जाएंगे, जहां कार्यकर्ता पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन करेंगे। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि “प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ता पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ भव्य स्वागत करेंगे।” प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 12 जनवरी को वाहनों के काफिले के साथ जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे। सबसे पहले वे हनुमानगढ़ी और रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। स्वागत मार्ग पर प्रत्येक बिंदु पर तोरण द्वार सजाए जाएंगे। शंखनाद, पुष्प वर्षा और स्वस्तिवाचन के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा। पूरे मार्ग पर मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। हर स्वागत बिंदु पर करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का लक्ष्य तय किया गया है। विभिन्न स्थानों से वाहनों की कतारें काफिले में जुड़ती रहेंगी। जिले की सीमा पर बाराबंकी के रामसनेही घाट पेट्रोल पंप, बीपी मुंबई कुढ़ा, सादात चौराहा, लोहिया पुल, महोली, चौधरी चरण सिंह द्वार, मुबारकगंज चौराहा, रौनाही टोल प्लाजा, मंगलसी, कोट सराय धर्म कांटा समेत कई स्थानों को स्वागत पॉइंट बनाया गया है। वहीं महानगर सीमा में सहादतगंज स्थित गरुड़ द्वार पर अंबेडकरनगर के कार्यकर्ताओं की ओर से विशेष स्वागत किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन को लेकर भाजपा ने बैठक कर रणनीति तय करनी शुरू कर दी है। जिम्मेदारियों का बंटवारा कर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।