बेटी व दामाद पर हुए हमले के मामले में पुलिस के रवैये से नाराज कंकरखेड़ा निवासी प्रेमचंद शुक्रवार को सर्किट हाऊस में प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह से मिले। उन्होंने प्रभारी मंत्री को पूरी घटना बताई और सदर बाजार पुलिस की शिकायत भी की। प्रभारी मंत्री ने प्रेमचंद को न्याय का भरोसा दिलाया है। बोले- दहशत में है पूरा परिवार
प्रेमचंद ने प्रभारी मंत्री से कहा कि उनके बच्चों की जरा भी कोई गलती नहीं है। सबसे बड़ी बात जिस व्यक्ति परमजीत के कारण पूरी घटना घटी, उसको पुलिस ने उम्र का हवाला देकर छोड़ दिया। ना जाने किसके दबाव में पुलिस ने उसे छोड़ा और केवल गुंडे बुलाने वाले उनके बेटे रमनदीप को जेल भेजा। चौकाने वाली बात यह है कि वह गुंडे भी पुलिस ने छोड़ दिए जो उनके दामाद व बेटी को मारने के लिए बुलाए गए थे। इसके बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है। आरोपी पत्नी की हत्या में जा चुका जेल
प्रेमचंद ने यह भी बताया कि आरोपी रमनदीप पर खुद की पत्नी की हत्या करने का आरोप है। वह इस मामले में जेल जा चुका है और आपराधिक प्रवृत्ति का है। ऐसा पता चला है कि वह क्षेत्र में दबंगई भी दिखाता है। इसी कारण उसके पिता ने बेवजह दबंगई दिखाने के लिए बेटे को बुलाया और बेटे ने अपने गैंग के सदस्य एकत्र कर लिए जो सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी दिखाई दे रहे हैं। साफ दिख रहा है कि वह उनके बेटे को मारने आए थे। इसके बाद भी पुलिस एक फुटेज का हवाला देकर सभी को बचाने का काम कर रही है। भाजपा नेताओं ने भी नहीं ली सुध
इस पूरी घटना को चार दिन बीत चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, अनुशासन की बात करने वाले भाजपा के किसी भी नेता ने इस परिवार की सुध नहीं ली। जिनकी बेटी को सार्वजनिक रूप से इतना बड़ा अपमान झेलना पड़ा। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि दीपक भाजपा से जुड़े हैं। वह अग्रसेन मंडल के ओबीसी मोर्चे में उपाध्यक्ष पद पर हैं। पार्टी के कई बड़े नेता कंकरखेड़ा में ही रहते हैं लेकिन किसी को इस घटना से कोई सरोकार ही नहीं दिखता। प्रेमचंद बोले- मेरे साथ ठीक नहीं घट रहा
श्रेया के पिता घटना को लेकर दुखी हैं। उनका कहना है कि यह घटना ना केवल उनकी बेटी बल्कि पूरे महिला जगत यहां तक कि समाज के लिए बेहद खराब है। पुलिस को नजीर पेश करनी चाहिए थी। ऐसे तो कोई भी व्यक्ति मामूली विवाद में गुंडई पर उतर आएगा। सड़क पर चलना एक आम व्यक्ति का तो दूभर हो जाएगा। इस घटना में पुलिस की कार्रवाई भविष्य की संगीन घटनाओं को रोकेगी।