संभल में एक ढाबे पर काम करने वाले अविवाहित युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। युवक 10 घंटे से लापता था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। यह घटना संभल जिले की चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के मझावली शुगर गांव से आधा किलोमीटर दूर जंगल में हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुन्नालाल पुत्र भगवान दास के रूप में हुई है, जो बहजोई थाना क्षेत्र के जैरोई हयातनगर गांव का निवासी था। मुन्नालाल शुक्रवार सुबह 7 बजे से लापता था। ढाबे पर काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने पहले सोचा कि वह कहीं गया होगा। जब वह काफी देर तक नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की गई और दोपहर 12 बजे उसके परिजनों को सूचना दी गई। शाम 5 बजे एक व्यक्ति जंगल में शौच के लिए गया, जिसने मुन्नालाल को पेड़ से लटका देखा। उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा, पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता भगवान दास ने बताया कि उनका बेटा तीन-चार साल से इसी ढाबे पर काम कर रहा था और अविवाहित था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है, क्योंकि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। कार्यवाहक थाना प्रभारी रोशन सिंह ने बताया कि जंगल में एक ढाबा कर्मचारी का शव पेड़ से लटका मिला है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के सही कारण का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल, परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।