लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री से 2 कारतूस मिले:वैध लाइसेंस दिखाने पर यात्री को छोड़ा, बुलेट पुलिस को सौंपे

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर दुबई जा रहे एक यात्री के हैंडबैग से .32 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में लिया था। यह घटना बीती रात की है। लखनऊ के ठाकुरगंज निवासी मो. गुफरान को रात 1:35 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 193) से दुबई जाना था। वह बोर्डिंग के लिए टर्मिनल बिल्डिंग में प्रवेश कर रहे थे। हैंडबैग की स्क्रीनिंग करते समय पकड़े गए रात करीब 12 बजे सुरक्षा जांच के दौरान एसएचए एरिया में सीआईएसएफ को उनके हैंडबैग की स्क्रीनिंग करते समय दो जिंदा कारतूस दिखाई दिए। इसके बाद सीआईएसएफ जवानों ने मो. गुफरान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। भौतिक जांच में बैग के अंदर .32 बोर के पिस्टल के दो जिंदा कारतूस मिले। पुलिस को सौंपे बुलेट पूछताछ के दौरान यात्री मो. गुफरान ने अपने शस्त्र का वैध लाइसेंस प्रस्तुत किया। लाइसेंस की वैधता की पुष्टि होने के बाद उन्हें यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गई। हालांकि, बरामद किए गए कारतूसों को सीआईएसएफ ने सरोजनी नगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।