ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने दी थी जान:बरेली में प्रेमिका समेत 10 पर FIR, समझौते के लिए मांग रही थी 20 लाख

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। बिहारमान नगला निवासी आसिफ की मौत के मामले में शनिवार को उसकी प्रेमिका साहिबा उर्फ माही समेत 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि युवती और उसके परिजन आसिफ को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये की मांग कर रहे थे। इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आसिफ ने 6 जनवरी को जहर खा लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, शादी का बनाया दबाव
मृतक के भाई शारिक के मुताबिक, आसिफ की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए साहिबा से हुई थी। धीरे-धीरे यह रिश्ता बढ़ा और युवती व उसके परिजन कुतुबखाना स्थित आसिफ की दुकान पर पहुंचकर शादी का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसे झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। 20 लाख की मांग, फिर दर्ज कराया दुष्कर्म का केस
परिजनों का आरोप है कि 27 दिसंबर को आरोपियों ने आसिफ के साथ गाली-गलौज की और 20 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर अगले ही दिन यानी 28 दिसंबर को युवती ने आसिफ के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद से आसिफ गहरे तनाव में चला गया। जहर खाकर दी जान
दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद मानसिक दबाव और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान युवती ने भी नशीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का नाटक किया और आसिफ के पूरे परिवार को केस में घसीट दिया। प्रताड़ना से टूट चुके आसिफ ने 6 जनवरी को पानी की बोतल में जहर मिलाकर पी लिया। निजी अस्पताल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। 10 लोगों के खिलाफ FIR
आसिफ की मौत के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने साहिबा उर्फ माही, जमील अहमद, शहनाज, मुन्ना, फईम, नगमा, सरताज समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।