रेप के झूठे मामलों में फंसाने और रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद चर्चित वकील अखिलेश दुबे के फरार साथी अभिषेक बाजपेई के घर पर नौबस्ता पुलिस ने शनिवार को कुर्की की। भाजपा नेता रवि सतीजा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद से आरोपी अभिषेक फरार चल रहा है। करीब ढाई घंटे की कुर्की कार्रवाई में पुलिस घर के खिड़की-दरवाजे तक ले गई। अगस्त 2025 में बर्रा में दर्ज हुआ था मुकदमा नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि अगस्त 2025 में भाजपा नेता रवि सतीजा ने बर्रा थाने में अखिलेश दुबे, लवी मिश्रा, टोनू यादव, अभिषेक बाजपेई, विमल यादव के खिलाफ रेप का झूठा मुकदमा लिखा कर रंगदारी मांगने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अखिलेश दुबे, लवी मिश्रा, टोनू यादव को पुलिस ने जेल भेज दिया था, जबकि अभिषेक बाजपेई और विमल यादव फरार हो गए। नोटिस के बावजूद हाजिर न होने पर कोर्ट ने अभिषेक की संपत्ति कुर्क करने का निर्देश दिया। शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे डब्ल्यू ब्लॉक उस्मानपुर निवासी अभिषेक के घर इंस्पेक्टर नौबस्ता बहादुर सिंह के नेतृत्व में 15 सदस्यीय पुलिस टीम पहुंची, सबसे पहले घर के बाहर डुगडुगी पिटवाई गई। घर के अंदर मां-पत्नी और छोटी बेटी मिली, परिजनों ने कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि साथ में मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझा कर शांत कराया। चूंकि मकान मां के नाम पर है, इसलिए पुलिस टीम अभिषेक के कमरे और रसोई से बेड, सोफा, अलमारी, रसोई के बर्तन, गैस, सिलेंडर और कमरे के दरवाजे खिड़कियां तक उखाड़ ले गई। हाजिर न होने पर विमल के घर होगी कुर्की इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि अभिषेक के घर कुर्की के बाद फरार चल रहे विमल यादव के घर पर रविवार को नोटिस चस्पा की जाएगी। उसे कोर्ट ने हाजिर होने के लिए 30 दिन का समय दिया है। आदेश न मानने पर उसके घर की भी कार्रवाई की जाएगी।