वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को रेल रेल यात्रियों को उन्नत यात्री सुविधाओं को उपलब्ध कराने के साथ साथ रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों के कल्याण के लिए बनाए गए भवनों का निरीक्षण किया। डीआरएम सबसे पहले एनईआर आफिस के पास स्थित इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल पहुंचे। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब एवं वसुन्धरा सामुदायिक भवनों का गहन निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक ने न्यू लोको कालोनी में स्थित इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल के निरीक्षण में दौरान वर्तमान हाल पर नाराजगी जताई। लंबे समय से काम नहीं होने पर सवाल भी उठाए। अधिकारियों से हॉल के पुनरुद्धार, रख-रखाव एवं मेंटेनेंस के संबंध में वृहद जानकारी ली। डीआरएम ने हाल के पुनरुद्धार के सम्बंध में विभिन्न आवश्यकताओं पर ध्यान देते हुए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब के निरीक्षण किया और पुराने भवन क्षेत्र को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने, रख रखाव एवं साफ सफाई का समुचित प्रबंधन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के अंत मे उन्होंने जी टी रोड स्थित वसुंधरा सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया तथा रेलवे कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए भवन के निर्माण समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय विकास कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह,मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव , सहायक मंडल नगर इंजीनियर ए.के.पाण्डेय सहित वरिष्ठ पर्यवेक्षक समेत तमाम कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।