धर्मनगरी मथुरा में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को क्षेत्रीय सांसद हेमा मालिनी की जनसुनवाई के दौरान एक फरियादी की नई मोटरसाइकिल चोरी हो गई। इस घटना ने न केवल पीड़ित को झकझोर दिया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कैलाश नगर कॉलोनी निवासी विमल ने बताया कि उन्होंने बीते 5 जनवरी को ही नई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी थी। वह अपनी एक शिकायत लेकर इस जनसुनवाई में पहुंचे थे। क्षेत्रीय सांसद हेमा मालिनी द्वारा कैलाश नगर में जनसमस्याओं के निस्तारण हेतु सांसद जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया था। विमल ने अपनी मोटरसाइकिल कार्यक्रम स्थल के बाहर एक सुरक्षित स्थान पर खड़ी की थी। जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जब विमल बाहर आए तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। काफी देर तक आसपास खोजबीन की गई, लेकिन बाइक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। नई मोटरसाइकिल चोरी होने से पीड़ित विमल बेहद आहत और परेशान नजर आए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कैलाश नगर और आसपास के क्षेत्रों में बाइक चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी कई मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। लोगों का आरोप है कि नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई के अभाव में चोरों के हौसले और बढ़ गए हैं। सांसद की मौजूदगी और जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम के दौरान हुई इस चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पीड़ित विमल ने संबंधित थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है और बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।