ललितपुर जिले के ग्राम चढ़रऊ में शनिवार को सौ से अधिक महिलाओं ने सरकारी शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने करीब तीन घंटे तक दुकान का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग के हस्तक्षेप से दुकान को बंद कराया गया। यह प्रदर्शन शनिवार दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ। महिलाएं गांव के बीच स्थित सरकारी शराब की दुकान पर पहुंचीं और जमकर नारेबाजी करते हुए उसे बंद करने की मांग करने लगीं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कोतवाली महरौनी के प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे दुकान बंद कराने की अपनी मांग पर अड़ी रहीं। पुलिस अधिकारियों ने आबकारी विभाग और जिलाधिकारी से संपर्क किया। अधिकारियों द्वारा दुकान को गांव से बाहर स्थानांतरित करने का आश्वासन दिए जाने के बाद शाम 5 बजे के करीब महिलाएं शांत हुईं और प्रदर्शन समाप्त किया। महिलाओं का आरोप है कि गांव में सरकारी शराब की दुकान 24 घंटे खुली रहती है, जिससे उनके घर के पुरुष शराब पीकर मारपीट करते हैं और घर-गृहस्थी का सामान बेच देते हैं। उनका यह भी कहना था कि शराबियों द्वारा की जाने वाली गाली-गलौज का बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है, जिससे बच्चे भी बिगड़ रहे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महरौनी राजा दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में देशी शराब की दुकान खुली होने के कारण महिलाओं ने उसे बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के निर्देश पर दुकान को फिलहाल बंद कर दिया गया है।