उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर रविवार को बलिया के भीमपुरा स्थित एक निजी विद्यालय के कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और विभिन्न सवालों के जवाब दिए। बंगाल में आई-पैक (I-PAC) के दफ्तर पर ईडी (ED) की छापेमारी और भाजपा-तृणमूल कांग्रेस के बीच टकराव पर पूछे गए सवाल पर राजभर ने ममता बनर्जी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें एक मुख्यमंत्री के रूप में देखता हूं। उन्होंने बंगाल में जिस तरह का कुशल नेतृत्व किया है और एक महिला होते हुए भी समाज में अपनी मजबूत छवि बनाई है, हम उसी रूप में देखते हैं।” ईडी जांच में ममता बनर्जी के सहयोग करने के सवाल पर राजभर ने कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है। जब उसे शिकायत मिलती है तो वह जांच करती है, और जांच में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगाल में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के समय पर होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि चुनाव तय समय पर होंगे। उन्होंने बताया कि अभी सभी अधिकारी और कर्मचारी एसआईआर (SIR) के काम में लगे हैं, जो 6 फरवरी को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चुनाव की पूरी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 2027 में सुभासपा के सहयोग के बिना सरकार बनने की संभावना पर राजभर ने कहा कि एनडीए की सरकार बनेगी और 2047 तक बनी रहेगी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न दिए जाने की तेज प्रताप यादव की मांग पर उन्होंने कहा कि मांगना और देना दो अलग बातें हैं। भारत रत्न देश और समाज के लिए की गई कुर्बानियों के आधार पर दिया जाता है, किसी के कहने से नहीं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि लालू प्रसाद यादव खुद चारा घोटाला में फंसे हैं।