अलीगढ़ में बस की टक्कर से परिवार का चिराग बुझा:हादसे के बाद रोडवेज बस मौके से फरार, परिवार में कोहराम मचा

अलीगढ़ के मथुरा रोड पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोडवेज बस ने एक स्कूटी सवार युवक में टक्कर मार दी और मौके से भाग गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर इलाका पुलिस और परिजन मौके पर आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रविवार की रात साढ़े 10 बजे तक परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया था। वह परिवार का इकलौता चिराग था। घटना गौरई थाना इलाके से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार गांव मोनिया निवासी मनीष कुमार उर्फ शिवराज का 9 वर्षीय बेटा प्रवीन कुमार शनिवार की देर शाम स्कूटी से कस्बा इगलास किसी काम से जा रहा था। रास्ते में नयाबास के पास मथुरा की तरफ से आ रही बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। बस की टक्कर से स्कूटी दूर जाकर गिर गई और प्रवीन बस के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक रोडवेज बस लेकर मौके से भाग गया। राहगीर और ग्रामीण हादसे के बाद इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को हादसे की खबर दी । इलाका पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायत नामा की कार्रवाई की । रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया । जिसके बाद परिजन शव गांव ले गए और अन्तिम संस्कार कर दिया । थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव ने बताया बस की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिवार का इकलौता चिराग था परिजनों ने बताया कि प्रवीण ने पिछले साल स्नातक की परीक्षा पास की थी। अब वह सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। वह अग्निवीर की भर्ती के लिए फिजिकल की परीक्षा देने वाला था। पिता मनीष कुमार आर्मी में हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती लेह-लद्दाख में है। प्रवीण तीनों बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी मौत से बहनों व मां का रोर-रोकर बुरा हाल है। हादसे में परिवार का इकलौता चिराग बुझ गया ।