बागपत में इलाज के दौरान महिला की मौत:परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतक महिला की पहचान दोघट थाना क्षेत्र निवासी शिवानी पत्नी दीपक के रूप में हुई है। वह सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई थीं, जिसके बाद उन्हें ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन से कुछ ही देर पहले डॉक्टरों ने उन्हें शिवानी की मौत की सूचना दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण ही यह घटना हुई है। हंगामे को बढ़ता देख बड़ौत पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बड़ौत कोतवाली प्रभारी मनोज चहल ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।