भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 16 जनवरी को प्रस्तावित प्रथम कानपुर आगमन और कार्यकर्ताओं को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने गुरुवार को कानपुर पहुंचकर स्वागत मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और इसके बाद तैयारियों को लेकर एक वृहत बैठक की। दोपहर करीब 3 बजे कानपुर पहुंचे अनूप गुप्ता ने भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ जाजमऊ से एचबीटीयू तक प्रस्तावित स्वागत मार्ग का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्वागत बिंदुओं का जायजा लेते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में किसी प्रकार की कमी न रहे। भाजपा और भगवा झंडों से सजेगा शहर मार्ग निरीक्षण के बाद शाम 4 बजे एचबीटीयू सभागार में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से पहले पूरे कानपुर नगर को भाजपा और भगवा झंडों, होर्डिंग्स और भव्य स्वागत द्वारों से सजाया जाएगा। शहर के सभी प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाने की योजना बनाई गई है। महापुरुषों की प्रतिमाओं पर चलेगा स्वच्छता अभियान बैठक में यह भी तय हुआ कि नगर में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर आगमन से एक दिन पूर्व विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा और विधिवत माल्यार्पण किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए 15 स्थानों पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कानपुर महानगर की 10 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे। इस मार्ग से होकर गुजरेंगे प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला जाजमऊ से लाल बंगला, फूलबाग, बड़ा चौराहा, चुन्नीगंज, मोतीझील, कोका-कोला चौराहा, गोल चौराहा और रावतपुर मार्ग होते हुए एचबीटीयू पहुंचेगा। एचबीटीयू में वे कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे। जिम्मेदारियां सौंपी गईं बैठक में कार्यक्रम और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि प्रदेश अध्यक्ष का पहला कानपुर आगमन यादगार और ऐतिहासिक बन सके। इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू, पूनम द्विवेदी, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, विधायक सुरेंद्र मैथानी, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।