WPL में RCB की लगातार दूसरी जीत:यूपी वॉरियर्ज को 9 विकेट से हराया, ग्रेस हैरिस ने 40 गेंद पर 85 रन बनाए

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने यूपी वॉरियर्ज को 9 विकेट से हरा दिया। टीम ने 144 रन का टारगेट महज 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। ओपनर ग्रेस हैरिस ने 40 गेंद पर 85 रन बनाए, वहीं स्मृति मंधाना ने 47 रन बनाए। सोमवार को नवी मुंबई के DY पाटील स्टेडियम में RCB ने बॉलिंग चुनी। यूपी ने 50 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे, यहां से डिएंड्रा डॉटिन और दीप्ति शर्मा ने 93 रन की पार्टनरशिप कर टीम को 143 तक पहुंचा दिया। बेंगलुरु से श्रेयांका पाटील और नदीन डी क्लर्क ने 2-2 विकेट लिए। RCB को लगातार दूसरी जीत मिली, टीम ने पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराया था। वहीं यूपी वॉरियर्ज को लगातार दूसरी हार मिली, टीम को पहले मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने 10 रन से हराया था। पॉइंट्स टेबल पर गुजरात पहले और बेंगलुरु दूसरे नंबर पर है।