इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को दिया था जवाब:आज होतीं तो बांग्लादेश को बतातीं, कांग्रेस सांसद बोले- हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा

सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा- मनरेगा गरीब मजदूरों की रीढ़ थी, लेकिन मोदी सरकार ने इसे खत्म कर दिया। पहले केंद्र 90 और राज्य 10 प्रतिशत खर्च करता था, अब राज्यों पर 40 प्रतिशत का बोझ डाल दिया गया। सरकार देश में नफरत बांट रही है। हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है। अगर आज इंदिरा गांधी होतीं तो बांग्लादेश को वैसा ही जवाब देतीं, जैसा उन्होंने पाकिस्तान को देकर बांग्लादेश का निर्माण कराया था। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन को “संकल्प दिवस” के रूप में मनाते हुए सांसद इमरान ने कार्यकर्ताओं से कहा- आज संकल्प का दिन है। कांग्रेस आने वाले 100 दिनों में मंडल स्तर से लेकर गांव-गांव तक जाएगी। लोगों से सीधा संवाद करेगी। हम कांग्रेस को उसी स्वर्णिम काल में पहुंचाएंगे, जैसा पार्टी का गौरवशाली इतिहास रहा है। सांसद इमरान की 5 बड़ी बातें पढ़िए… 1. राज्यों के पास मनरेगा चलाने का पैसा नहीं सांसद इमरान ने कहा कि अधिकतर राज्यों के पास इतना पैसा नहीं है कि वे मनरेगा चला सकें। नतीजा यह होगा कि यह योजना पूरी तरह दम तोड़ देगी। छह-छह महीने तक मजदूरों का भुगतान बकाया रहता है, जिससे गरीबों की कमर टूट रही है। साल 2014 में मोदी ने मनरेगा को कांग्रेस की विफलताओं का स्मारक बताया था। लेकिन कोविड काल में उसी योजना ने करोड़ों गरीबों को सहारा दिया। अब 125 दिन में रोजगार देने की बात की जा रही है। लेकिन पैसा कहां से आएगा, सरकार ये नहीं बता रही। 2. नेहरू ने इसरो, एम्स की नींव रखी जो लोग पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया, वे 1950 के आसपास की भारत की हालत भूल जाते हैं। इमरान मसूद ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने का सपना देखा। हरित क्रांति, औद्योगीकरण, बड़े बांध, बिजली परियोजनाएं, इसरो और एम्स जैसे संस्थानों की नींव रखी। उन्होंने ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के सपनों को आरक्षण के जरिए लागू कराया। 3. देश के संसाधन मित्रों को दे रही मोदी सरकार इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर गरीबों को साहूकारों के शोषण से बचाया। उन्होंने ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देकर रोजगार की दिशा में काम किया। राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए दलितों और वंचितों के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया गया। मोदी सरकार ने शिक्षा का व्यवसायीकरण कर दिया है। गरीब के लिए पढ़ाई एक सपना बन गई है। संविदा व्यवस्था के जरिए आरक्षण को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। देश के संसाधन चंद मित्रों को सौंपे जा रहे हैं। 4. हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए मसूद ने कहा कि धर्म व्यक्तिगत मामला है। लेकिन सरकार देश में नफरत बांटने का काम कर रही। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार पर भारत सरकार की चुप्पी बेहद चिंताजनक है। अगर बांग्लादेश के खिलाफ सख्त कदम उठाने हैं तो सबसे पहले वहां बिजली की आपूर्ति रोकनी चाहिए। जहां हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है, वहां भारत सरकार डीजल देने के समझौते कर रही है। 5. इंदिरा जी होतीं तो बांग्लादेश को देतीं जवाब अगर आज इंदिरा गांधी होतीं तो बांग्लादेश को वैसा ही जवाब देतीं, जैसा उन्होंने पाकिस्तान को देकर बांग्लादेश का निर्माण कराया था। एसआईआर के जरिए करोड़ों वोट काटे जा रहे हैं। लाखों लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। मसूद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे फॉर्म-6 और जरूरत पड़ने पर अन्य फॉर्म जमा कराकर वोटरों के अधिकार की रक्षा करें। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद दुखद है, जो सरकार की नाकामी को दिखाती है। प्रियंका गांधी की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत और मेहनत के साथ पार्टी को फिर से उसके गौरवशाली इतिहास की ओर ले जाने के लिए संघर्ष करेंगे। ……………. ये खबर भी पढ़िए- गांव में शौचालय नहीं, नाबालिग बाहर गई तो गैंगरेप हुआ: कानपुर में पीड़िता के गांव नहीं पहुंचा स्वच्छ भारत मिशन, महिलाओं में दहशत कानपुर के संचेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 14 साल की नाबालिग के साथ 6 जनवरी की रात करीब 10 बजे को गैंगरेप हुआ। पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर को अरेस्ट कर लिया। जबकि दरोगा फरार है। आरोपी दरोगा अमित कुमार मौर्य पर पुलिस कमिश्नर ने 50 हजार का इनाम घोषित किया है। पढ़ें पूरी खबर…