मिर्जापुर को मिलेंगे दो नए अहरौरा और नरोइया ब्लॉक:विकास खंड बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा, मंजूरी का इंतजार

मिर्जापुर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने अष्टभुजा निरीक्षण गृह में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की। इस दौरान जिले के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले में अहरौरा और नरोइया को नए विकास खंड बनाए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने पर जनपद को दो नए विकास खंड प्राप्त होंगे। बैठक में नगर पालिका परिषद की सीमा विस्तार कर नगर निगम बनाए जाने की संभावना, नटवा से इमामबाड़ा तक सड़क चौड़ीकरण और शास्त्री ब्रिज पर लगने वाले जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को इन मुद्दों पर स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा फोन न उठाए जाने और उपभोक्ताओं को गलत या अधिक बिल भेजे जाने की शिकायतों पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, यहां तक कि निलंबन भी किया जाएगा। मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर प्रभावी अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उप महानिरीक्षक ने मंत्री को आश्वस्त किया कि अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जाएगी। धान खरीद की स्थिति पर जिलाधिकारी ने शासन से लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और बिचौलियों की किसी भी तरह की भूमिका बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर जनपद के विकास को नई गति प्रदान करें। बैठक में जन प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।