नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बीजेपी विधायक को जान से मारने की धमकी को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर सांसद चंद्रशेखर के बयान को लेकर है। उन्होंने कहा पुलिस मुझे गोली मार दे। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. देवरिया में मजार पर बुलडोजर चलते देख रोई महिला, BJP विधायक को धमकी मिली देवरिया में 50 साल पुरानी अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर मंगलवार को तीसरे दिन भी बुलडोजर चला। इस दौरान वहां पहुंची एक हिंदू महिला रोने लगी। उसने कहा कि यहीं पर संतान के लिए मन्नत मांगी थी, जो पूरी हुई। वहीं बीजेपी विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने मजार को तोड़े जाने पर सीएम योगी का धन्यवाद किया। उन्हें एक युवक ने वीडियो जारी कर सिर कलम करने की धमकी दी है। पूरी खबर पढ़ें 2. प्रयागराज माघ मेले में आग लगी, कल्पवासी भागे, फायरकर्मी-संतों ने डेढ़ घंटे में आग बुझाई प्रयागराज माघ मेले में लगे नारायण शुक्ला धाम शिविर में मंगलवार शाम आग लग गई। इससे 15 टेंट और 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। शिविर में कल्पवास कर रहे लोग जान बचाकर भागे। एक कल्पवासी के झुलसने की सूचना है। शिविर सेक्टर 5 में है। 5 Km दूर से ही आग की लपटें और धुआं दिख रहा था। पुलिस और संतों ने बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पूरी खबर पढ़ें… 3. महाकुंभ वाली हर्षा रिछारिया धर्म की राह छोड़ेंगी, बोलीं- मैं सीता नहीं, जो अग्नि परीक्षा दूं महाकुंभ से चर्चा में आईं हर्षा रिछारिया ने अब धर्म की राह छोड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोमवार को वीडियो जारी कर कहा, ‘महाकुंभ 2025 से शुरू हुई कहानी अब खत्म हो रही है। अब मौनी अमावस्या के बाद धर्म के रास्ते को छोड़ूंगी और अपने पुराने प्रोफेशन में जाऊंगी। किसी लड़की के चरित्र पर सवाल उठना आसान नहीं है, लेकिन मैं सीता नहीं हूं कि जो अग्नि परीक्षा दूं।’ पूरी खबर पढ़ें… 4. भाजपा MLA बोले- मस्जिदों के सामने सुअर की बोटियां मिलेंगी, कानपुर में मंदिर के पास मांस मिला था कानपुर में सोमवार रात दुर्गा मंदिर के पास खेत में 100 गोवंश के अवशेष मिले। भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर बिल्हौर थाने पहुंचे। उन्होंने स्टाफ के सामने 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आरोपी अगर गिरफ्तार नहीं हुए तो सही नहीं होगा। बिल्हौर के अंदर जितनी भी मस्जिदें हैं, उनके दरवाजों पर अगर सुअर की बोटियां न मिले तो मेरे नाम राहुल बच्चा सोनकर नहीं। पूरी खबर पढ़ें… 5. महिला SDM से बोला किसान- आप कहें तो जान दे दूं, सहारनपुर में हुक्का पीने पर नोकझोंक सहारनपुर के रामपुर मनिहारन तहसील परिसर में किसान धरने पर बैठे हैं। भूमाफियाओं के खिलाफ एक्शन की मांग को लेकर किसान बिस्तर लगाकर रात में हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान एसडीएम डॉ. पूर्वा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने किसानों को हुक्का पीने से मना कर किया तो किसान भड़क गए। एक किसान ने कहा- मैं अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा सकता हूं। जान भी दे सकता हूं। पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. प्रयागराज AG ऑफिस की महिला कर्मचारी को ट्रक ने कुचला, 15 मिनट तड़पने के बाद मौत प्रयागराज में सेना के ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। स्कूटी फिसलकर गिरते ही युवती भी सिर के बल पर गिर पड़ी। ट्रक का पहिया युवती के सिर के ऊपर से निकल गया। सिर पूरी तरह से सड़क पर चिपक गया। युवती सड़क पर ही करीब 15 मिनट तक तड़पती रही। फिर दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पूरी खबर पढ़ें 7. किरण रिजिजू बोले- मनरेगा लूट की गारंटी था, ‘वीबी जी-राम-जी’ को लेकर दुष्प्रचार में जुटा विपक्ष केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में थे। विकसित भारत जी राम जी एक्ट पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में पहुंचे रिजिजू ने कहा- मनरेगा लूट-भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका था। उसमें बहुत खामियां थीं। तभी उस स्कीम को समाप्त कर मोदी सरकार ने ‘विकसित भारत-जी राम जी एक्ट’ लागू किया है। लेकिन विपक्ष इसे लेकर दुष्प्रचार करने में जुटा हुआ है। पूरी खबर पढ़ें… 8. CM बोले- बच्चों को स्मार्टफोन देना अपराध, आपको रवि किशन की नकल नहीं करनी है योगी ने गोरखपुर महोत्सव में कहा- दुधमुंहे बच्चे को स्मार्टफोन पकड़ाना अपराध है। ये अपराध मत कीजिए। स्मार्टफोन बच्चों को देंगे तो वह जिद्दी हो जाएगा। डिप्रेशन का शिकार हो जाएगा। जब भी यात्रा पर हों तो स्मार्टफोन साइलेंट कर दीजिए। सड़क हादसे हो रहे। पूरा परिवार खत्म हो रहा है। सीएम ने सांसद रविकिशन की चुटकी लेते हुए कहा- आप लोगों को रवि किशन की नकल नहीं करनी। पूरी खबर पढ़ें… 9. चंद्रशेखर पुलिसवालों से बोले- गोली मार दो, दलित बेटी ने कहा- मेरे भाई को जिंदा जलाया नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को मेरठ में सोनू कश्यप के परिवार से मिलने जा रहे थे। लेकिन मुजफ्फरनगर में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने कहा- पुलिस का काम अपराध रोकना है। लेकिन कोई दुख बांटने जाए तो उसे नहीं रोक सकते। मुझे लगता है कि मैं राजनीतिक अछूत हो गया हूं। अगर पुलिस मुझे नहीं मिलने देगी तो बेशक मुझे गोली मार दे। पूरी खबर पढ़ें… 10. झांसी में रिश्वत लेते PWD का सीनियर क्लर्क अरेस्ट, 20 हजार की घूस ले रहा था झांसी में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सीनियर क्लर्क को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। सीनियर क्लर्क संतोष निरंजन पेंशन विभाग में तैनात है। वह एक रिटायर कर्मचारी से 20 हजार रुपए की घूस ले रहा था, तभी एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। जब एंटी करप्शन टीम संतोष को पकड़कर ले जाने लगी, तो उसने रुमाल से चेहरा ढंक लिया। पूरी खबर पढ़ें… 11. मिर्जापुर में बेटे ने सौतेली मां-भाई की हत्या की, बांके से दोनों का गला काटा मिर्जापुर में सौतेले बेटे ने मां-भाई की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। उसने मां का शव घर से 2 किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया। बाद में वह भाई की लाश को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर जलाने जा रहा था, तभी बीच तिराहे पर शव ट्रॉली से नीचे गिर गया। वहां मौजूद लोगों ने लाश देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकवाकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। पूरी खबर पढ़ें… 12. पत्नी-बेटे के हत्यारे को इंस्पेक्टर ने रेलवे गार्ड बन पकड़ा, कानपुर में देखते ही दौड़ाया कानपुर में पत्नी-बेटे के हत्यारे को इंस्पेक्टर ने रेलवे गार्ड बनकर पकड़ा। आरोपी की लोकेशन मिलते ही इंस्पेक्टर क्रॉसिंग पर पहुंचे। आरोपी उन्हें पहचान न पाए, इसलिए गेटमैन से रेलवे गार्ड की ड्रेस, हेलमेट और हरी झंडी ली। ट्रैक पर खड़े हो गए। आरोपी खेतों से निकला तो इंस्पेक्टर ने उसे आवाज दी। वह भागा तो एक किमी तक घाटमपुर इंस्पेक्टर ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें… 13. गोरखपुर में लड़की बना 2 बच्चों का बाप, पत्नी का गैर मर्दों से संबंध बनवाता था गोरखपुर में दो बच्चों का बाप चुपके से दिल्ली में जेंडर चेंज कराकर लड़की बन गया। जब पत्नी ने विरोध किया तो उससे मारपीट की। फिर उसे नशीली दवा देकर दूसरे मर्दों से जबरन रिलेशन बनवाने लगा। इसके बाद से पत्नी डिप्रेशन में चली गई। अब पत्नी ने कोर्ट में एप्लिकेशन देकर अपना और दो बेटियों का खर्च चलाने के लिए पति से हर्जाने की मांग की है। वहीं पति ने भी इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. जैकेट की जेब में कोबरा लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा, बोला- इसी ने काटा है, बचाइए मथुरा में एक शख्स को कोबरा सांप ने काट लिया। उसने तुरंत सांप को अपने जैकेट से पकड़ा और जेब में भरकर जिला अस्पताल पहुंच गया। सीधे इमरजेंसी वार्ड में जाकर जैकेट से कोबरा निकाला और डॉक्टर के सामने अपने हाथ में सांप पकड़कर खड़ा हो गया। बोला- डॉक्टर साहब, इलाज कर दो, इसी ने काटा है। पूरी खबर पढ़ें… कल कैसा रहेगा मौसम… 15. पूर्वी-पश्चिमी यूपी में कोहरे का अलर्ट 14 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद में गलन बढ़ेगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…