बलरामपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया लोहड़ी पर्व:गुरुद्वारे में शबद कीर्तन और भांगड़ा का आयोजन

बलरामपुर में मंगलवार रात लोहड़ी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें सिख समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं द्वारा शबद कीर्तन से की गई। इसके पश्चात गुरुद्वारे परिसर में परंपरागत रूप से अलाव जलाकर लोहड़ी मनाई गई। सिख समाज के लोगों ने लोहड़ी की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और धन-धान्य की कामना की। मान्यता है कि प्रत्येक वर्ष 13 जनवरी को मनाया जाने वाला लोहड़ी पर्व जीवन से दुखों को दूर करता है और घर में सुख-समृद्धि लाता है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने अग्नि में मूंगफली, रेवड़ी और मक्के के दाने अर्पित किए। कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोगों ने पारंपरिक भांगड़ा किया, जिससे गुरुद्वारा परिसर उल्लास और उमंग से भर उठा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर ज्ञानी रविंद्र सिंह, सरदार प्रीतपाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, परमजीत सिंह, सरदार स्वर्ण सिंह, रमेश पाहवा, रघुनाथ अग्रवाल, संजय सिंघी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।