जैसे-जैसे बसंत पंचमी नज़दीक आ रही है, बाजारों के साथ-साथ आसमान में भी बसंत के रंग दिखने शुरू हो गए हैं। शहर के बाजारों में पतंगों की दुकानें सज गई हैं और दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। बच्चों में पतंग खरीदने को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पतंग चुनते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कई लोग छोटी पतंगें घर की सजावट और फोटोशूट के लिए खरीद रहे हैं। दुकानों पर इस बार सिर्फ पारंपरिक कागज़ की ही नहीं, बल्कि चमकीले कागज़, चमकीली पन्नी, कपड़े की पतंगें, बड़ी से छोटी हर साइज में उपलब्ध हैं। बाजार में इस बार कार्टून और एनिमे थीम वाली पतंगों की भी अच्छी-खासी मौजूदगी है। पतंग विक्रेता गौरव ने बताया—
“हमारी दुकान पर करीब 100 तरह की पतंगें मौजूद हैं। कागज़ की, पन्नी की, कपड़े की और अलग-अलग डिज़ाइन में। इसके अलावा चकरी, सद्धि, मांजा और बच्चों की पतंग भी मिल रही है।” उन्होंने आगे बताया—
“ज़्यादातर लोग कागज़ की अद्दी, पौनी और मंजोली पतंग खरीद रहे हैं। हम बरेली से पतंग मंगवाकर बेचते हैं। इस बार छोटी और बच्चों वाली पतंगों की भी अच्छी बिक्री हो रही है।” बाजारों में त्योहार का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और उम्मीद है कि बसंत पंचमी तक पतंगों की बिक्री और तेज़ होगी।