रामपुर में ओवरलोडिंग पर सख्ती, सात डंपर सीज:एआरटीओ ने 7 चेक पोस्ट पर 1189 वाहनों की जांच की

रामपुर डीए अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया। इस दौरान सात अलग-अलग चेक पोस्ट पर 1189 वाहनों की जांच की गई, जिसमें सात ओवरलोड डंपरों को सीज कर दिया गया। यह अभियान थाना टांडा, थाना स्वार, थाना भोट, थाना अजीमनगर, थाना पटवाई, सिविल लाइंस और थाना गंज क्षेत्र में चलाया गया। इन चेक पोस्टों पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने लगातार निगरानी रखी। विशेष रूप से खनिज, निर्माण सामग्री और अन्य माल ढोने वाले भारी वाहनों की सघन जांच की गई। एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़कों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देश हैं कि ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जिसके तहत यह सख्त कार्रवाई की जा रही है। श्री श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि परिवहन विभाग की टीमें जिले भर में लगातार भ्रमण कर रही हैं और संदिग्ध भारी वाहनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे ताकि अवैध खनन, अनधिकृत परिवहन और ओवरलोडिंग पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और सरकारी राजस्व की रक्षा करना है।