पीलीभीत के बीसलपुर तहसील क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार, 12 जनवरी को बीसलपुर नगर में एक कोचिंग संस्थान के बाहर से छात्र की साइकिल चोरी हो गई। चोरी की यह पूरी घटना पास ही स्थित एक बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ग्राम आजमपुर बरखेड़ा निवासी अमन गंगवार बीसलपुर स्थित ‘फ्यूचर टारगेट कंप्यूटर इंस्टिट्यूट’ में पढ़ने आता है। घटना वाले दिन अमन रोजाना की तरह अपनी साइकिल से कोचिंग आया था। उसने अपनी साइकिल संस्थान के बाहर खड़ी की और अंदर पढ़ाई करने चला गया। जब अमन अपनी क्लास खत्म कर बाहर निकला, तो उसकी साइकिल गायब थी। पीड़ित छात्र ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन साइकिल का कहीं पता नहीं चला। साइकिल चोरी की पुष्टि तब हुई जब अमन ने संस्थान के पास स्थित एक फाइनेंस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक अज्ञात व्यक्ति बड़ी ही चालाकी से साइकिल के पास पहुंचता है। वह व्यक्ति इधर-उधर देखते हुए मौका पाकर साइकिल का ताला तोड़ता है और उसे लेकर फरार हो जाता है। मंगलवार को इस चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पीड़ित अमन गंगवार ने बीसलपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी है और आरोपी चोर के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष संजीव शुक्ला ने बताया, “छात्र की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ कर जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”