प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज के ICU वार्ड में तैनात एक संविदा स्टाफ नर्स ने अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे तो शव फर्श पर पड़ा हुआ था। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है- मृतक शाम में रोजमर्रा की तरह ड्यूटी से लौटा था। रात में खाने के बाद मां से झगड़ा हुआ था। नशे की लत को लेकर मां ने उसे डांट लगाई थी। सुसाइड से कुछ समय पहले ही उसने अज्ञात नंबर पर मोबाइल से किसी से बात भी की थी। फिलहाल, मोबाइल फोन का CDR निकाला जा रहा है। घटना जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर दूर देहात कोतवाली क्षेत्र के फुलवारी गांव के पास की है। तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से जानिए…
देहात कोतवाली क्षेत्र के फुलवारी गांव के समीप रहने वाला अतुल पाण्डेय (37) मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को उसकी दिन की शिफ्ट की ड्यूटी थी। वह ICU में तैनात था। ड्यूटी करने के बाद शाम 6 बजे रोज की तरह घर पहुंचा था। परिजनों के अनुसार, खाना खाने के बाद रात 10 बजे अतुल अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। रात करीब 10:30 बजे कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे। पूरे कमरे में खून ही खून फैला हुआ था। गोली अतुल के कनपटी के आरपार थी। पास में ही एक तमंचा पड़ा हुआ था। परिजन उसे लेकर तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर देहात कोतवाली प्रभारी पुष्पराज सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। तमंचे को जब्त कर फिंगर प्रिंट जांच के लिए लैब भेजा गया। ब्लड के भी सैंपल लिए गए। पुलिस को फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। मां की डांट से थे परेशान, फोन कॉल की भी जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले अतुल की मां गायत्री ने उन्हें किसी बात पर डांटा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आत्महत्या से ठीक पहले अतुल ने कमरे में किसी से फोन पर बात की थी। किससे और किस विषय पर बातचीत हुई, इसकी पड़ताल के लिए मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली जा रही है। सुसाइड की आशंका, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट- सीओ सिटी
सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया- आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और पारिवारिक व कार्यस्थल से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दो भाईयों में छोटा था अतुल
अतुल गांव में अपने परिवार के साथ रहता था। घर में मां गायत्री और उसका एक बड़ा भाई सुभाष पाण्डेय है। बड़ा भाई सुभाष पाण्डेय भी एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करता है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अतुल पांडेय और सुभाष दोनों ही पहले एक प्राइवेट अस्पताल में साथ काम करते थे। दो साल पहले उसकी संविदा पर मेडिकल कॉलेज में नौकरी लगी थी। वह अविवाहित था। ———————————————- ये खबर भी पढ़िए… ASP अनुज चौधरी समेत 20 पर होगी FIR:संभल हिंसा में युवक को गोली मारने का आरोप; CJM कोर्ट ने दिया आदेश संभल हिंसा में ASP अनुज चौधरी समेत 20 अज्ञात पुलिसकर्मियों पर FIR के आदेश हुए हैं। यह आदेश मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विभांशु सुधीर की कोर्ट ने दिया। आरोप है कि हिंसा के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक युवक को गोली मार दी थी। युवक के पिता ने कोर्ट में याचिका लगाई थी। आरोपियों में इंस्पेक्टर अनुज तोमर भी शामिल हैं। अनुज चौधरी हिंसा के वक्त संभल CO थे। अब वे फिरोजाबाद में ASP ग्रामीण हैं। पढ़िए पूरी खबर…