कृष्णानगर गोल मार्केट की छत से गिरी महिला, मौत:बिल्डिंग की पहली मंजिल पहुंची, परिवार बोला – मानसिक रूप से बीमार थी

लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी स्थित एलडीए गोल मार्केट की छत से गिरकर एक मानसिक रूप से बीमार महिला की मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है। कृष्णा नगर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली नेहा रानी (35) पत्नी प्रशांत कुमार अपने घर से निकली और एलडीए गोल मार्केट पहुंच गई। किसी तरह वह मार्केट के ऊपरी तल पर चढ़ गई। जहां से नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तुरंत लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में महिला की पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि मृतका मूल रूप से लखीमपुर खीरी की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने दो मासूम बच्चों के साथ एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी में मानसरोवर गुरुद्वारे के पास किराए के मकान में रहती थी। महिला का पति प्रशांत कुमार बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि उसके ससुर अरुण सिंह कृष्णा नगर के भोला खेड़ा इलाके में रहते हैं। परिजनों ने बताया नेहा रानी पिछले करीब पांच वर्षों से मानसिक रूप से बीमार थी और उसका इलाज अलग-अलग जगहों पर चल रहा था। उसके दो बच्चे सीएमएस स्कूल में पढ़ते हैं। घटना के समय महिला का पति लखनऊ में मौजूद नहीं था और सूचना मिलने के बाद भी वह अभी तक शहर नहीं पहुंच सका है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।