पशुधन मंत्री के क्षेत्र की गौशाला में गायों की मौत:बरेली में कांग्रेस नेता बोले- गइया-मइया के नाम पर सिर्फ वोट चाहिए, गायें तड़प-तड़पकर मर रहीं

उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के विधानसभा क्षेत्र में गौवंश की बुरी स्थिति सामने आई है। बरेली के अलीगंज इलाके की अनुरुद्धपुर गौशाला में चारे और इलाज के अभाव में 5 गायों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वहीं, करीब 8 गायें गंभीर हालत में पड़ी हैं। इस बदहाली की सूचना मिलते हिंदूवादी संगठनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं कहना है कि केयरटेकर और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही से गौवंश को समय पर चारा और इलाज नहीं मिला। कार्यकर्ताओं ने बताया कि भीषण ठंड के बावजूद गौशाला में न तो पर्याप्त चारा था और न ही ठंड से बचाव की सही व्यवस्था। मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। डॉ. केबी त्रिपाठी ने कहा- भाजपा ‘गइया-मइया’ के नाम पर वोट तो लेती है, लेकिन हकीकत में मकर संक्रांति जैसे पर्व पर भी गौमाता की जान जा रही है। वहीं, प्रशासन ने शुरुआती जांच में लापरवाही की बात मानी है। अधिकारियों का कहना है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गौशाला की व्यवस्था जल्द सुधारी जाएगी। गौशाला में कुल 285 गायें हैं। गौवंश की हालत देख भड़कीं एसडीएम मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम विदुषी सिंह गौशाला पहुंचीं। वहां की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम ने साफ कहा कि गौवंश की देखरेख में गंभीर लापरवाही हुई है। एसडीएम ने प्रारंभिक जांच में ग्राम प्रधान और सचिव को लापरवाह माना है। उन्होंने कहा- इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जो पूरे जिले के लिए मिसाल बनेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि सरकारी रिकॉर्ड में हरा चारा और चोकर के लिए बजट जारी हो रहा है, लेकिन जमीन पर गायें भूख से मर रही हैं। मृत पशुओं के शवों के सही निस्तारण की व्यवस्था भी नहीं है। फिलहाल केयरटेकर, ग्राम प्रधान और संबंधित सचिव के खिलाफ विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। गइया-मइया के नाम पर सिर्फ वोट चाहिए: कांग्रेस गौशाला में गायों की दुर्दशा को लेकर कांग्रेस ने योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी ने कहा- मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व के दिन, जब सनातन धर्म को मानने वाले लोग खिचड़ी का पर्व मना रहे हैं, उसी दिन गौमाता तड़प-तड़पकर जान दे रही हैं। यह बेहद शर्मनाक है। डॉ. केबी त्रिपाठी ने कहा- जो सरकार सनातन, राम और गाय का नाम लेकर राजनीति करती है, वही सरकार आज गौशालाओं की ऐसी हालत कर चुकी है कि गायें भूख और बीमारी से मर रही हैं। शासन-प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा- इस सरकार को गइया-मइया के नाम पर सिर्फ वोट चाहिए। गोरक्षक दलों की भरमार है, लेकिन जब वही लोग मौके पर जाकर देखते हैं तो कई गायें मरी पड़ी मिलती हैं। यह सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की बड़ी नाकामी है। यह पूरे समाज के लिए शर्म की बात कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मकर संक्रांति के दिन अगर गौमाता की इस तरह मौत हो रही है, तो यह पूरे समाज के लिए शर्म की बात है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि तत्काल एक कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराई जाए और जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि सिर्फ गाय के नाम पर वोट लेना बंद होना चाहिए। जो लोग गौमाता की मौत के जिम्मेदार हैं, उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए। ———————– यह खबर भी पढ़िए… यूपी BJP अध्यक्ष बोले- SIR सरकार की जिम्मेदारी:संगठन सिर्फ सहयोग करेगा, ड्राइविंग सीट पर हम नहीं यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सरकार जिम्मेदार है या BJP संगठन? इस पर नई बहस छिड़ गई है। CM योगी आदित्यनाथ SIR में करीब चार करोड़ मतदाता कम होने के लिए अपरोक्ष रूप से संगठन के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर…