सहारनपुर में 14 साल के दलित लड़के की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने हत्या को सुसाइड दिखाने के लिए लाश को बोरे में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। लोको पायलट ने ट्रैक पर बोरी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरी खुलवाई, जिसमें लाश पड़ी थी। लाश मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे और मयंक के रूप में शव की पहचान की। पिता का आरोप है कि बेटे का एक लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। लड़की ने ही उसे धोखे से मिलने बुलाया, इसके बाद उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, फिर शव को फेंक दिया। पिता ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना बुधवार रात की है। जानिए पूरा मामला देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी रूपचंद किसान हैं। उन्होंने बताया- मेरा बेटा मयंक देवबंद के एक इंटर कॉलेज में नौवीं में पढ़ता था। उसका अपनी ही जाति की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। बुधवार देर रात 12:45 बजे बेटे को लड़की के घर से फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने उसे तुरंत मिलने के लिए बुलाया। घरवालों को लगा कि किसी परिचित का फोन है, इसलिए उन्होंने बेटे से ज्यादा पूछताछ नहीं की। फोन पर बातचीत के बाद मयंक घर से निकल गया। काफी देर तक बेटा लौटकर नहीं आया, तो परिजनों को शक हुआ। वे उसकी तलाश करने लगे। पुलिस को भी सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद पुलिस का फोन आया कि रेलवे ट्रैक पर एक बच्चे की लाश मिली है, पहचान के लिए आ जाएं। वहां जाकर देखा तो बोरे के अंदर बेटे की लाश छिपाई गई थी। उसके शरीर से खून बह रहा था। पहले उसकी पिटाई की गई थी, उसके बाद चाकू से गोदकर हत्या की गई। रेलवे ट्रैक पर खून के निशान पड़े थे। हत्यारों ने इसे सुसाइड का रूप देने के लिए हत्या के बाद लाश को बोरी में भरकर ट्रैक पर रख दिया था, ताकि देखने से लगे कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने बोरा खोला तो शव मिला
पुलिस के अनुसार, रात में रेलवे ट्रैक से गुजर रही एक ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक के पास संदिग्ध बोरा पड़ा देखा। शक होने पर उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जब बोरे को खोला गया, तो अंदर खून से सनी डेडबॉडी मिली। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि देर रात किशोर का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। तहरीर आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। ———————– यह खबर भी पढ़िए… मंत्री संजय निषाद को गाजियाबाद पुलिस ने रोका:एसीपी से हुई नोकझोंक; मेरठ में जलाकर मारे गए युवक के परिवार से मिलने जा रहे गाजियाबाद के यूपी गेट पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को पुलिस ने रोक लिया। उनके काफिले की गाड़ियों को आगे नहीं जाने दिया। इस दौरान कौशांबी के SHO अजय शर्मा और इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव से उनकी नोकझोंक भी हुई। पढ़ें पूरी खबर…