इलाज कराने मुंबई जाना था, एयरपोर्ट पर हुई मौत:लखनऊ में चक्कर आने पर बेहोश हुआ, फिर नहीं उठा

लखनऊ एयरपोर्ट से मुंबई जा रहे एक यात्री की अचानक मौत हो गई। यात्रियों ने VVIP लाउंज के पास बुजुर्ग को बेसुध देखा तो अथॉरिटी को सूचना दी। एयरपोर्ट की मेडिकल टीम ने तुरंत यात्री की जांच की। हालत गंभीर होने पर लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक बुजुर्ग की पहचान बस्ती के रहने वाले मोहम्मद अली के तौर पर की। वह इलाज के लिए बहू-बेटे के साथ मुंबई जा रहे थे। पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना गुरुवार दोपहर 12 बजे की है। VIP लाउंज के पास बेहोश मिले एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक मोहम्मद अली को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2496 से मुंबई जाना था। वह VIP लाउंज के पास बेहोश पड़े मिले। एयरपोर्ट मेडिकल टीम को सुबह 11:17 बजे कॉल मिली, जिसके बाद टीम 11:19 बजे मौके पर पहुंची। जांच के दौरान यात्री की नब्ज 62 प्रति मिनट, ऑक्सीजन सैचुरेशन 86 प्रतिशत और ब्लड प्रेशर 90/50 दर्ज किया गया। मेडिकल टीम ने तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। मरीज की हालत देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। अटेंडेंट ने बताया कि मोहम्मद अली लंबे समय से बीमारी से ग्रसित हैं और पहले भी अस्पताल में भर्ती रह चुके हैं। साथ जा रहे बेटे-बहू ने बताया सुबह उन्हें दवा देने के बाद इलाज के लिए मुंबई ले जा रहे थे। पहले अस्पताल ले जाने से किया इनकार मेडिकल टीम ने मरीज को देखते ही उनकी हालत गंभीर बताई थी। उन्हें अस्पताल ले जाने को कहा था। लेकिन अटेंडेंट ने अस्पताल ट्रांसफर के लिए सहमति नहीं दी। इसके बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारियों को सूचित किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के काफी समझाने के बाद बेटे-बहू सरकारी अस्पताल ले जाने के लिए राजी हुए। लोक बंधु हॉस्पिटल की डायरेक्टर संगीता गुप्ता ने बताया- बुजुर्ग को हॉस्पिटल में लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। …………………………… यह खबर भी पढ़ें लखनऊ के रोबोट रेस्टोरेंट के नूडल्स में निकला कॉकरोच:बर्थ-डे पार्टी चल रही थी, परिवार ने किया हंगामा; मैनेजर बोला- मामले को दबा दो लखनऊ के एक रेस्टोरेंट में नूडल्स में कॉकरोच निकलने से हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। बच्चों के लिए नूडल्स का ऑर्डर दिया गया। प्लेट में नूडल्स निकालते हुए उसमें कॉकरोच निकला। परिवार ने इसकी मैनेजर से शिकायत की। यहां पढ़ें पूरी खबर