लखनऊ के रोबोट रेस्टोरेंट के नूडल्स में निकला कॉकरोच:बर्थडे पार्टी में बच्चे डरे, परिवार ने किया हंगामा; मैनेजर बोला- मामला दबा दो

लखनऊ के रोबोट रेस्टोरेंट में नूडल्स में कॉकरोच निकला। बुधवार को रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। परिवार ने बच्चों के लिए नूडल्स का ऑर्डर दिया। प्लेट में नूडल्स निकालते समय उसमें कॉकरोच निकला। परिवार ने मैनेजर से इसकी शिकायत की। लेकिन, रेस्टोरेंट मैनेजर ने गलती मानने की जगह दूसरा नूडल्स लेकर मामले को दबाने की बात कही। इससे परिवार के लोग भड़क गए। मामले की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) से शिकायत की। रोबोट रेस्टोरेंट अलीगंज में स्थित है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… नूडल्स परोसते ही कॉकरोच निकला
विकास नगर में रहने वाले आशुतोष की बेटी का बुधवार को जन्मदिन था। देर शाम वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ अलीगंज के रोबोट रेस्टोरेंट पहुंचे। सभी ने अपने-अपने लिए ऑर्डर दिया। बच्चों के लिए नूडल्स मंगाया गया। बच्चों की प्लेट में नूडल्स परोसा जाने लगा। तभी उसमें कॉकरोच मिला। आशुतोष ने बताया- नूडल्स में कॉकरोच देखते ही बच्चे डर गए। हम लोग भी परेशान हो गए। गनीमत रही कि कॉकरोच को देख लिया गया। अगर गलती से कोई बच्चा उसे खा लेता, तो बड़ा खतरा हो जाता। मैनेजर के रवैए पर भड़का परिवार
आशुतोष ने कहा- मैंने इसकी शिकायत रेस्टोरेंट मैनेजर जतिन चंदेल से की। लेकिन, मैनेजर ने मामला टालने की कोशिश की। मैनेजर ने कहा कि दूसरा ऑर्डर लेकर मामले को खत्म कर दें। इससे परिवार के लोग भड़क गए। हालांकि, बाद में मैनेजर ने माफी मांगी, लेकिन उसके रवैए से हम लोग काफी आहत हुए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग से की शिकायत
आशुतोष ने पूरे मामले की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से शिकायत की है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे भविष्य में किसी के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो। नामी रेस्टोरेंट के नूडल्स में कॉकरोच निकलने से उठे सवाल
घटना के समय रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि रोबोट रेस्टोरेंट जैसे बड़े और आधुनिक प्रतिष्ठान से इस तरह की लापरवाही की उम्मीद नहीं थी। इस घटना ने रेस्टोरेंट मैनेजमेंट की कार्यप्रणाली के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां खाना वेटर नहीं, रोबोट परोसते हैं लखनऊ में सितंबर, 2023 में यूपी के पहले रोबोट रेस्टोरेंट की शुरुआत हुई थी। यहां खाना वेटर नहीं, रोबोट परोसते हैं। इनके नाम हैं रूबी और दिवा। दोनों जुड़वां बहनें हैं, इसीलिए इन्हें पहचाना मुश्किल होता है। सबसे पहले इस तरह का रेस्टोरेंट जापान में खुला था। फिर भारत में जयपुर में इसकी शुरुआत हुई। इसके बाद ऐसा रेस्टोरेंट खुला। इस रेस्टोरेंट में रोबोट लोगों के टेबल तक जाकर अदब से खाना परोसते हैं। रोबोट इस तरह काम करते हैं
दोनों रोबोट में हर एक टेबल का कोड पड़ा है। उस कोड को रोबोट के पीछे दिए हुए स्क्रीन पर डाला जाता है। इसके बाद रोबोट के हाथ में रखी गई ट्रे में खाना रखा जाता है। कोड सेट होने की वजह से रोबोट उसी टेबल के पास जाकर रुकता है। इसके बाद ग्राहक उसकी ट्रे से खाने को लेकर रोबोट के किनारे लगी हुई एग्जिट की बटन दबाते हैं। फिर रोबोट ग्राहकों को थैंक यू बोलकर वापस रिसेप्शन पर आ जाते हैं। —————————– यह खबर भी पढ़ें… लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट में यात्री बेहोश होकर गिरा, मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में आया चक्कर लखनऊ एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सवार एक बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एयरपोर्ट मेडिकल टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और यात्री को आगे के इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा। इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई है। पूरी खबर पढ़ें