बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता को होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद झूठे निकाह का नाटक रचा और जान से मारने की धमकियां देकर परिवार को चुप कराने का प्रयास किया। पीड़िता की मां ने बताया कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने उनकी बेटी को अगवा कर लिया था। उसे शहर के एक होटल में चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपियों के परिजनों पर भी पीड़िता के परिवार पर अभद्र टिप्पणियां कर मानसिक दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने नाबालिग का जबरन झूठा निकाह दिखाया और उसे थाने में छोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता के पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस डर के कारण, पीड़िता के पिता को मजबूरन समझौता करना पड़ा और बेटी को घर वापस ले जाना पड़ा। आरोप है कि नवंबर 2025 में आरोपियों ने किशोरी को दोबारा घर से अगवा कर लिया और उसके पिता के साथ मारपीट की। जनवरी 2026 में, वे हथियारों के साथ घर में घुस गए और फिर से किशोरी को ले जाने का प्रयास किया। इन घटनाओं से परिवार में दहशत फैल गई। लगातार उत्पीड़न के बाद, पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और स्वयं एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। बारादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।