हमीरपुर के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में युवती का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर माहौल बिगाड़ने वाले मुख्य आरोपी युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद कस्बे में भारी तनाव फैल गया था। व्यापार मंडल और कई हिंदू संगठनों ने बाजार बंद कराते हुए थाने का घेराव किया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस मामले में पुलिस ने मुहम्मद अफफान और उसके पिता मौलाना खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कई टीमें गठित की थीं। पुलिस के अनुसार, चंद घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि पूछताछ के दौरान मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आरोपी को उसकी निशानदेही पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान देवगांव रोड पर उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की और तमंचा निकालकर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म, आईटी एक्ट और धर्मांतरण से जुड़े गंभीर आरोप दर्ज हैं। मुठभेड़ स्थल से आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।