यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:धीरेंद्र शास्त्री ने चाय बनाई; केशव बोले- राहुल गांधी को गंभीर बीमारी; छत से नोटों की बारिश

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की 5 दिवसीय चित्रकूट यात्रा को लेकर है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर बदायूं में प्रभात फेरी निकालने के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- धीरेंद्र शास्त्री ने दुकान में चाय बनाई, बांदा में कहा- हिंदुओं में जातियां तो रहेंगी धीरेंद्र शास्त्री ने चित्रकूट में कथा से पहले कहा- हिंदुओं को अपनी आबादी बढ़ानी चाहिए। वरना, यहां भी बांग्लादेश जैसे हालात होंगे। हर की पौड़ी में मुसलमानों के प्रवेश पर रोक की मांग पर कहा- मेरे आंगन में तुम्हारा क्या काम है। जब हम काबा नहीं जाते तो फिर बाबा के यहां क्यों आते। इससे पहले रात में कामदगिरी की परिक्रमा की। दुकान में चाय बनाई। भक्त बोले- हमारे लिए भी एक कप बनाइएगा। पूरी खबर पढ़ें 2- बदायूं में प्रभात फेरी निकालने पर बवाल, महिलाएं बोलीं- पुलिस ने लाठियों से पीटा बदायूं में प्रभात फेरी निकालने को लेकर पुलिस और गांव वालों के बीच झड़प हो गई। प्रभात फेरी के रूट को लेकर शुरू हुए विवाद में जमकर धक्का-मुक्की हुई। कई महिलाएं घायल हो गईं; बोलीं- पुलिस ने लाठियों से पीटा। करीब एक घंटे तक हंगामा चला। दरअसल, 2012 में सपा सरकार ने मुस्लिम पक्ष की आपत्ति के बाद फेरी का रूट बदल दिया था। इस बार ग्रामीण पुराने रूट से ही जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 3- रायबरेली में टीचर की पत्नी की हत्या, भतीजे ने चाकू से गोदकर मार डाला रायबरेली में टीचर की पत्नी की भतीजे ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह लूट के लिए अपने 2 साथियों के साथ घर में घुसा। अलमारी तोड़कर गहने और पैसे निकालने लगा। महिला ने शोर मचाया तो उसने चाकू से पेट और सीने पर कई वार किए। महिला ने वहीं दम तोड़ दिया। आरोपी गहने और पैसे लेकर भाग रहे थे, तभी पड़ोसियों ने गेट पर उनको घेर लिया। भतीजे को पकड़ लिया, 2 साथी भाग गए। पूरी खबर पढ़ें 4- यूपी में 2019 के बाद भर्ती दरोगा-सिपाहियों के तबादले नहीं होंगे; पत्नी-पति को मिलेगी छूट​​​ यूपी पुलिस की ट्रांसफर पॉलिसी बदल गई है। सिपाही से लेकर दरोगा तक के ट्रांसफर के लिए नया सर्कुलर जारी किया गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण द्वारा जारी ​सर्कुलर के अनुसार, अब 2019 के बाद भर्ती पुलिसवालों के ट्रांसफर नहीं होंगे। स्पेशल कंडीशन में फैसला पुलिस स्थापना बोर्ड (PEB) लेगा। 2019 बैच के बाद केवल उनका ट्रांसफर किया जाएगा, जिसमें पति-पत्नी दोनों पुलिस विभाग में हों। पूरी खबर पढ़ें 5- कुशीनगर में तेंदुए ने दरोगा पर हमला किया, फटे जाल से भागा कुशीनगर में तेंदुए के हमले में वन दरोगा समेत 4 लोग घायल हो गए। वह गन्ने के खेत में लगे तार में फंस गया था। पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम ने जाल डाला, लेकिन जाल फटा निकला। तेंदुआ गुर्राया तो वनकर्मी घबरा गए। पकड़ ढीली पड़ गई। फटे जाल से निकल भागा तो दरोगा, फिर एक वनकर्मी पर झपटा। एक युवक ने लाठी मारकर वनकर्मी को बचाया। फिर 2 लोगों को घायल कर भाग गया। पूरी खबर पढ़ें अब 8 अहम खबरें…
6- अजय राय बोले- काशी की विरासत ध्वस्त कर रहे मोदी–योगी, 3 अक्षय वटवृक्षों में एक को काटा काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर को लेकर चल रहे तोड़फोड़ पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा- हिंदू धर्म की सबसे बड़ी धरोहर और काशी की विरासत को मोदी-योगी ध्वस्त कर रहे। सैकड़ों प्राचीन मंदिर तोड़ दिए गए। प्रयागराज, बोधगया और काशी में तीन अक्षय वटवृक्ष थे। इसमें काशी के वटवृक्ष को काट दिया गया। बाबा विश्वनाथ के दरबार में कॉरिडोर के नाम पर आधुनिक मॉल बनाया गया है। पूरी खबर पढ़ें 7- हरदोई में जीजा-साली हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे कूदे; 2 साल से चल रहा था अफेयर हरदोई में जीजा-साली ने जान दे दी। दोनों हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे खड़े हो गए और ट्रेन रौंदते हुए गुजर गई। हादसा इतना भयावह था कि शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। अंग ट्रैक में फंसे रह गए। मांस के लोथड़े आसपास बिखर गए। हादसे के कारण हावड़ा–काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस को 45 मिनट तक रोकना पड़ा। 15 घंटे बाद परिजन शिनाख्त कर सके। दोनों का 2 साल से अफेयर चल रहा था। पूरी खबर पढ़ें 8- बरेली में 50 परिवार बोले- हम मुसलमान बन जाएंगें; दबंगों ने मंदिर निर्माण रोका बरेली में 70 साल पुराना संतोषी माता मंदिर जीर्णोद्धार रोके जाने पर 50 हिंदू परिवारों ने प्रदर्शन कर सामूहिक धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है। शुक्रवार को गुस्साए लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। कहा- ‘योगी राज’ में भी अगर अपना मंदिर नहीं बनवा सकते तो हमारे पास नमाज पढ़ने और मुसलमान बनने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। कुछ लोगों के इशारे पर पुलिस बार-बार निर्माण कार्य को रोक दे रही। पूरी खबर पढ़ें 9- कानपुर में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन, BJP विधायक ने कहा था- सुअर की बोटियां मिलेंगी कानपुर में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने बीजेपी विधायक राहुल बच्चा सोनकर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर हेट स्पीच का केस चलाने की मांग की। दरअसल, सोमवार रात में दुर्गा मंदिर के पास खेत में 100 गोवंश के अवशेष मिले थे। विधायक ने पुलिस को चेतावनी दी थी कि 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं हुई तो बिल्हौर की मस्जिदों के दरवाजे पर सुअर की बोटियां मिलेंगी। पूरी खबर पढ़ें 10- केशव मौर्य बोले- राहुल गांधी को गंभीर बीमारी; सपा के पास कार्यकर्ता नहीं गुंडे लखनऊ में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- राहुल गांधी को गंभीर बीमारी है इसीलिए वह कभी स्याही खराब है, कभी वोट चोरी हो रही है…जैसी बातें करते रहते हैं। जनता के बीच में जाते नहीं हैं और जब चुनाव हारते हैं तो आयोग पर सवाल उठाते। SIR पर कहा- भाजपा के पास कार्यकर्ता हैं तो वे SIR में काम कर रहे हैं। विरोधी इसलिए बौखलाए हैं। सपा के पास गुंडे हैं, गुंडे कहां काम कर पाएंगे। पूरी खबर पढ़ें 11- लखनऊ में 2000 लड़कियों का प्रदर्शन, कहा-‘ANM परीक्षा में आए सिलेबस से बाहर के सवाल’​​​​​​ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ANM भर्ती परीक्षा को लेकर लखनऊ में अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पिकप भवन के बाहर प्रदर्शन कर कहा कि परीक्षा में सिलेबस से बाहर के प्रश्न पूछे गए थे। वे सीएम से मिलने पर अड़ी रहीं। काफी समझाने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। 5272 पदों के लिए ANM भर्ती परीक्षा 11 जनवरी को कराई गई थी। पूरी खबर पढ़ें 12- अफसरी छोड़ साध्वी बनीं महिला माघ मेला पहुंचीं; सतुआ बाबा ने मर्सिडीज खरीदी माघ मेले में साधु-संतों के अलग अंदाज श्रद्धालुओं को खूब भा रहे। सतुआ बाबा ने लैंड रोवर डिफेंडर और पोर्श 911 टर्बो के बाद अब डेढ़ करोड़ की मर्सिडीज-बेंज (GLS 450) खरीदी है। मेले में तमिलनाडु से साध्वी कृष्णा माता भी पहुंची हैं। उनका दावा है कि वे चेन्नई में कस्टम विभाग में ग्रेड-वन अधिकारी थीं। 13 साल नौकरी की, फिर इस्तीफा देकर संन्यास ले लिया। सांसद हेमा मालिनी के गांव की हैं। पूरी खबर पढ़ें 13- यूपी के बाहुबली का महाराष्ट्र में जलवा, रोड शो वाले सीटों पर क्लीन स्वीप बाहुबली धनंजय सिंह का महाराष्ट्र के बीएमसी चुनावों में असर देखने को मिला है। उन्होंने जहां रोड शो किया था उस क्षेत्र में बीजेपी-शिवसेना के चारों प्रत्याशी जीते। धनंजय सिंह ने महायुति (बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी) के वसई-विरार महानगर पालिका क्षेत्र के 4 प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया था। चारो चुनाव जीत गए। शुक्रवार को चुनाव के नतीजे घोषित किए गए। दरअसल, पूर्वांचली मतदाता कई सीटों पर निर्णायक हैं। खबर जो हटकर है… 14- छत से नोटों की बारिश, लूटने के लिए लगी होड़ रामपुर जिले में घर की खूंटी पर टंगे एक लाख रुपए से भरे बैग को लेकर एक बंदर भाग गया। वह मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़ गया। वहां से नोटों को नीचे फेंकना शुरू कर दिया। छत से नोटों की बारिश होती देख लोग दौड़ पड़े। नोट लूटने की होड़ मच गई। पैसों के मालिक ने देखा तो भागते हुए आए। लोगों से मिन्नत कर नोट लूटने से रोका। साथ ही किसी तरह बंदर के चंगुल से बैग छुड़ाया। कैसा रहेगा कल का मौसम 15- कल से बारिश की आशंका यूपी में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच छिटपुट बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) 17 जनवरी यानी कल से एक्टिव होगा। इसका असर यूपी में रहेगा। इसके चलते अगले 3 दिन पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…