मेरठ में पुलिस के सामने ही तांत्रिक ने किया ‘उतारा’:कोर्ट मैरिज के बाद थाने पहुंचा था कपल, परिजन बोले- वश में कर ली बेटी

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए सीएचसी ले जाई जा रही एक युवती को उसके परिजनों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि परिजनों ने एक तांत्रिक की मदद से गाड़ी में ही युवती पर झाड़-फूंक और उतारा (तंत्र-मंत्र) करने की कोशिश की। यह देखकर वहां बैठी महिला पुलिसकर्मी भी दहशत में आ गई। महिला पुलिसकर्मी की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर युवती के परिजन मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस युवती को थाने ले गई और आशा ज्योति केंद्र भेज दिया। अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, परतापुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने पड़ोस के युवक से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद शुक्रवार को दोनों परतापुर थाने पहुंचे और युवती के परिजनों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। उन्होंने अपना मैरिज सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत किया। युवती के पिता ने 7 जनवरी को युवक पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जबरन युवती पर झाड़-फूंक करने लगा
थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में एक निजी वाहन से सीएचसी भूड़भराल भेजा। आरोप है कि इसी दौरान युवती के परिजनों ने रास्ते में वाहन को रोक लिया। एक तांत्रिक जबरन गाड़ी में बैठ गया और युवती पर झाड़-फूंक तथा कथित ‘उतारा’ करने लगा। महिला पुलिसकर्मी ने इसका विरोध किया, लेकिन तांत्रिक नहीं माना। इस घटना से महिला पुलिसकर्मी दहशत में आ गई और उसने तत्काल परतापुर थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को आता देख तांत्रिक और युवती के परिजन वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस युवती को सुरक्षित थाने ले आई। मामले में सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया- युवती के पिता की तहरीर पर पहले से ही मुकदमा दर्ज था, जिसके आधार पर युवती को बरामद किया गया है। उन्होंने झाड़-फूंक वाली सभी बातों को निराधार बताया। सीओ सौम्या अस्थाना के अनुसार, मेडिकल ले जाते समय युवती के मामा के बेटे ने उसे रास्ते में रोका था और उसे मनाने की कोशिश की थी। युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे आशा ज्योति केंद्र भेज दिया गया है और शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।