लखनऊ के स्वरूप को और हरित व आकर्षक बनाने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ी पहल की है। शहर में करीब 195 करोड़ रुपए की लागत से विकास और सौंदर्यीकरण के कई अहम प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। इनमें गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क में बर्ड एवियरी, हाईकोर्ट के पास संविधान पार्क, गोमती नगर में लोटस पार्क, वंडर पार्क और शहर के पार्कों में 250 ओपन जिम की स्थापना शामिल है। इन सभी परियोजनाओं को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई अवस्थापना विकास निधि की बैठक में मंजूरी दी गई। अवस्थापना विकास निधि की बैठक में मिली हरी झंडी आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। बैठक में शहर की हरियाली, पर्यटन, बच्चों और युवाओं के लिए सुविधाओं को बढ़ाने वाली योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और वित्तीय स्वीकृति दी गई। गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क में इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर में सहारा ग्रुप से खाली कराई गई भूमि पर विकसित हो रहे गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क को और आकर्षक बनाने के लिए करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से एक इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी बनाई जाएगी। लगभग एक एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस एवियरी में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के लिए उनके प्राकृतिक आवास के अनुरूप पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, जिससे यह प्रकृति प्रेमियों और बच्चों के लिए खास आकर्षण बनेगा। हाईकोर्ट के पास बनेगा संविधान पार्क हाईकोर्ट के पास ग्रीन बेल्ट की करीब 2500 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से संविधान पार्क विकसित किया जाएगा। यह पार्क आमजन को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बनाया जाएगा। पार्क में अशोक स्तंभ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल और आकर्षक लैंडस्केपिंग जैसे कार्य होंगे। गोमती नगर में लोटस पार्क और वंडर पार्क गोमती नगर के ग्वारी फ्लाईओवर के पास ग्रीन बेल्ट की भूमि पर 8 करोड़ रुपए की लागत से मिनी स्पोर्ट्स एरिया और 8.5 करोड़ रुपए से लोटस पार्क का विकास किया जाएगा। वहीं, गोमती रिवर फ्रंट पर लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से वंडर पार्क बनाया जाएगा, जो खासतौर पर बच्चों के लिए तैयार किया जाएगा। इसके अलावा अर्जुनगंज क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए की लागत से पांडव पार्क विकसित होगा। कानपुर रोड योजना में इन्सेक्टोपीडिया पार्क कानपुर रोड योजना स्थित ईको गार्डेन में पीपीपी मोड पर इन्सेक्टोपीडिया पार्क बनाया जाएगा। करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पार्क में जंगल ट्रेल होगी और कीट-पतंगों की आकृतियां बड़े पैमाने पर प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही उर्मिला वन के विकास और अलीगंज की विभिन्न ग्रीन बेल्ट्स में हॉर्टीकल्चर कार्यों के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है। ऐशबाग की सुप्पा झील का कायाकल्प ऐशबाग स्थित सुप्पा झील के संवर्धन और सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। लगभग 13 एकड़ में फैली इस झील में बाउंड्री वॉल, पाथ-वे, हरियाली और साफ-सफाई के कार्य कराए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र लोगों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल बन सके। फैजुल्लागंज में सड़क और नाले का निर्माण फैजुल्लागंज क्षेत्र में सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने नाले की लेवलिंग और ड्रेन वॉटर के अंतिम निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शहर के पार्कों में 250 ओपन जिम शहरवासियों को फिटनेस के लिए बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से विभिन्न पार्कों में 250 ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। मंडलायुक्त ने इसके लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।