पति ने डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या की:शाहजहांपुर में भैंस निकालने को लेकर हुआ विवाद, आरोपी फरार

शाहजहांपुर में भैंस निकालने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार शाम तिलहर थाना क्षेत्र के जोधपुर नवदिया गांव में हुई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय मायादेवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मायादेवी अपने पति महाराज सिंह से अलग अपने छोटे बेटे अतुल के साथ रह रही थीं। वहीं, पति बड़े बेटे हरिशरण के साथ रहते थे। शुक्रवार शाम हरिशरण अपनी भैंसें निकाल रहा था। दोनों बेटों के मकानों का निकास एक ही होने के कारण भैंस निकालने को लेकर मां मायादेवी और बड़े बेटे हरिशरण के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बड़े बेटे हरिशरण ने रास्ते में बने शौचालय तोड़ दिया। इसके बाद महिला के पति महाराज सिंह का छोटे बेटे से विवाद शुरू हो गया। जब मायादेवी बीच-बचाव करने आईं, तो आरोप है कि पति ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में मायादेवी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मां को बचाने आई उनकी बहू भी घायल हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में पूछताछ की और शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। बताया गया है कि मायादेवी का अपने पति से काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह उनसे अलग छोटे बेटे के साथ रह रही थीं। मृतका की बहन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मायादेवी को उस जगह न जाने की सलाह दी थी, लेकिन वह नहीं मानीं। मृतका की बहन ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले मृतका का उससे भी विवाद हुआ था। तब उसने कहा था कि अब हमे न बोलना। उन्होंने न बोलने की कसम भी दी थी। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।